उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान एक 13 साल के बच्चे का डीएम के सामने बेबाक अंदाज चर्चा का विषय बन गया. कक्षा आठ में पढ़ने वाले अमिताभ गुप्ता ने अपनी पारिवारिक समस्या को लेकर डीएम अंजनी कुमार सिंह से सीधे सवाल किए. बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
जानकारी के मुताबिक, अमिताभ गुप्ता सदर कोतवाली क्षेत्र के ईदगाह मोहल्ले का रहने वाला है. उसने डीएम को बताया कि उसके पिता मानसिक रूप से बीमार हैं और उसकी मां घरों में काम करके परिवार का खर्च चलाती हैं. बच्चे का आरोप है कि उसके पैतृक मकान के एक हिस्से पर उसकी रिश्ते की ताई ने ताला लगा रखा है, जिसके कारण परिवार को काफी परेशानी हो रही है. उसने बताया कि इस मामले में पहले भी अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला.
संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम के सामने पहुंचे अमिताभ ने कहा कि उनके घर के आधे हिस्से पर कब्जा कर लिया गया है और कई बार शिकायत करने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई. उसने अधिकारियों से ताला खुलवाने की मांग करते हुए कहा कि अगर मकान का हिस्सा मिल जाए तो परिवार उसे किराये पर देकर पढ़ाई का खर्च उठा सकेगा.
"करवा देंगे नहीं, करवा दीजिए"
इस दौरान जब एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि "करवा देंगे", तो बच्चे ने तुरंत जवाब दिया, "करवा देंगे नहीं, करवा दीजिए." इसके बाद उसने यह भी कहा कि "आप लोगों को तो बस कमीशन दे दो, फिर काम हो जाता है." बच्चे की इस बात पर वहां मौजूद कुछ अधिकारी मुस्कुराते नजर आए.
बातचीत के दौरान डीएम ने बच्चे को समझाते हुए कहा कि उसे इतनी छोटी उम्र में ज्यादा नहीं बोलना चाहिए और फिलहाल पढ़ाई पर ध्यान देना चाहिए. इस पर अमिताभ ने जवाब दिया कि केवल पढ़ाई की सलाह देने से काम नहीं चलेगा, क्योंकि घर की आर्थिक स्थिति बेहद खराब है. उसने बताया कि उसकी मां करीब तीन हजार रुपये महीने कमाती हैं और इतने पैसे में परिवार का खर्च, कॉपी-किताब और पढ़ाई का खर्च उठाना मुश्किल है.
बच्चे ने यह भी आरोप लगाया कि पहले शिकायत करने पर एक पुलिसकर्मी ने कार्रवाई करने से इनकार कर दिया था. हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
वायरल वीडियो के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम बच्चे के घर भी पहुंची. कोतवाली प्रभारी ने परिवार से बातचीत की. इस दौरान बच्चे की मां ने बताया कि उनके पति मानसिक रूप से बीमार हैं और परिवार आर्थिक तंगी से गुजर रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि मकान को लेकर विवाद चल रहा है और प्रशासन की पहल पर मामला सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है.
फिलहाल, डीएम के सामने अपनी बात बेबाकी से रखने वाले 13 साल के अमिताभ गुप्ता का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया जा रहा है. वहीं, प्रशासन का कहना है कि परिवार की शिकायत पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.