झारखंड के जमशेदपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां आर्थिक तंगी और पारिवारिक विवाद से परेशान एक महिला ने अपनी तीन नाबालिग बेटियों के साथ कथित तौर पर जहर खाकर जान देने की कोशिश की. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. गनीमत रही कि समय रहते समाजसेवी विकास सिंह को इसकी जानकारी मिल गई और उन्होंने चारों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया. इलाज के बाद महिला और उसकी तीनों बेटियां सुरक्षित हैं.
घटना मानगो के उलीडीह ओपी क्षेत्र अंतर्गत संकोसाई रोड नंबर पांच की है. यहां रहने वाली पिंकी कुमारी ने मंगलवार देर रात अपनी तीन बेटियों के साथ कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया. घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई.
यह भी पढ़ें: 42 लाख कैश, 23 किलो सोना और बैंक में लूट... अब SIT करेगी जांच, जमशेदपुर में 5 लुटेरों की तलाश
समाजसेवी विकास सिंह को जैसे ही इस घटना की सूचना मिली, वह बिना देर किए मौके पर पहुंचे. उन्होंने महिला और तीनों बच्चियों को तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया. वहां डॉक्टरों की निगरानी में चारों का इलाज किया गया. शुरुआती जानकारी में उनकी हालत स्थिर बताई गई है. बाद में इलाज के बाद सभी को सुरक्षित घर पहुंचा दिया गया.
पति पैतृक गांव में रहकर करता है खेती
समाजसेवी विकास सिंह के मुताबिक, पिंकी कुमारी के पति बिहार के नालंदा स्थित अपने पैतृक गांव में रहते हैं और वहां खेती-बाड़ी करते हैं. वहीं, महिला जमशेदपुर में अपने दो अन्य भाइयों के साथ रहती है.
बताया जा रहा है कि परिवार में आए दिन विवाद होता रहता था. आशंका जताई जा रही है कि पारिवारिक कलह और आर्थिक परेशानियों से जूझ रही महिला ने तनाव में आकर यह आत्मघाती कदम उठाया. हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है.
इस घटना ने एक बार फिर आर्थिक और पारिवारिक परेशानियों से जूझ रहे परिवारों की स्थिति को सामने ला दिया है. महिला ने अपनी तीनों नाबालिग बेटियों के साथ यह कदम क्यों उठाया, पुलिस इसकी जानकारी जुटा रही है.
पुलिस बोली- शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद का मामला
घटना की सूचना मिलने के बाद उलीडीह ओपी प्रभारी सारी अली पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि महिला और उसकी तीनों बेटियों की स्थिति अब ठीक है. शुरुआती तौर पर मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है.
पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है. साथ ही यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि महिला किन परिस्थितियों से गुजर रही थी और इस घटना के पीछे क्या वजह रही.
फिलहाल, पिंकी कुमारी और उनकी तीनों बेटियां सुरक्षित हैं. समय पर अस्पताल पहुंचाए जाने से चारों की जान बच गई. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)