scorecardresearch
 

ऑक्सीजन की कमी, ना खाना-पानी... बर्फबारी के बीच अटल टनल में फंसे पर्यटकों की दर्दभरी कहानी

मनाली में भारी बर्फबारी के बीच अटल टनल के पास फंसे पर्यटकों को ऑक्सीजन की कमी से सांस लेने में दिक्कत का सामना करना पड़ा. सड़कों पर बर्फ की मोटी परत और फिसलन राहत कार्य में जुटीं पुलिस और बीआरओ की टीम के लिए चुनौती बन रही है.

Advertisement
X
बर्फबारी के कारण अटल टनल के पास फंसीं 1000 गाड़ियां (Photo: ITG)
बर्फबारी के कारण अटल टनल के पास फंसीं 1000 गाड़ियां (Photo: ITG)

हिमाचल प्रदेश के मनाली और लाहौल-स्पीति के ऊंचे इलाकों में भारी बर्फबारी ने हालात चुनौतीपूर्ण बना दिए हैं. अटल टनल के पास बीते दिन अचानक हुई भारी बर्फबारी ने सैकड़ों पर्यटकों की मौज-मस्ती मुसीबत में बदल दी. करीब 1000 से ज्यादा वाहन बर्फ में फंस गए, जिससे लोग घंटों जाम में अटक रहे.

पर्यटकों ने बताई आपबीती
फंसे हुए पर्यटकों ने बताया कि टनल के अंदर और बाहर गाड़ियों की लंबी कतार लग गई. वाहनों के इंजन चलते रहने से धुआं भर गया, जिससे ऑक्सीजन बहुत कम हो गई. कई लोगों को सांस लेने में तकलीफ हुई, खासकर बच्चों और बुजुर्गों को. एक पर्यटक ने कहा, हम घंटों बैठे रहे. सांस फूल रही थी, बच्चे रो रहे थे. ठंड इतनी तेज थी कि हाथ-पैर सुन्न हो गए. खाना-पानी भी खत्म हो गया. कई परिवारों ने गाड़ियां बीच रास्ते छोड़कर पैदल मनाली की ओर चलना शुरू कर दिया.

कश्मीर से शिमला-मनाली और केदारनाथ तक बर्फबारी, 7 वीडियो में देखें हाल
 

दरअसल, तेज बर्फबारी से अटल टनल के साउथ पोर्टल (मनाली की तरफ) के पास सड़कें फिसलन भरी हो गई हैं. पुलिस और बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन (BRO) की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं, लेकिन सड़कों पर जमी बर्फ की मोटी परत, वाहनों के फिसलने का खतरा और लगातार गिरती बर्फ राहत कार्य में बड़ी चुनौती बन रहे हैं. बता दें कि रविवार देर शाम तक करीब 500 वाहनों को सुरक्षित निकालकर मनाली की ओर भेजा गया, लेकिन अभी भी कई वाहन और पर्यटक फंसे हुए हैं.

Advertisement

पर्यटकों ने आपबीती बताई कि घंटों टनल के भीतर और आसपास ट्रैफिक जाम में फंसे रहे. वाहनों के धुएं और ऑक्सीजन की कमी के कारण बच्चों और बुजुर्गों को सांस लेने में भारी परेशानी हुई. कड़कड़ाती ठंड के बीच भोजन और पानी की कमी ने स्थिति को और मुश्किल बना दिया.

मार्च में बर्फ से ढकी वादियां, स्नोफॉल का अद्भुत नजारा, देखें वीडियो
 

वहीं, एक अन्य पर्यटक ने बताया कि हमारे पास खाने-पीने के लिए कुछ नहीं बचा था. बच्चे भूख से परेशान थे. बर्फ गिरती रही और राहत मिलने का नाम नहीं. हालांकि, मनाली पुलिस और बीआरओ की टीमों ने रात भर मेहनत की और सैकड़ों वाहनों को सुरक्षित निकाला गया, लेकिन अभी भी कई लोग फंसे हैं. रेस्क्यू किए गए पर्यटकों ने राहत की सांस जरूर ली लेकिन कई सैलानी अभी भी सुरक्षित निकलने का इंतजार कर रहे हैं.

मौसम विभाग ने अभी ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी की संभावना जताई है, जिससे प्रशासन की चिंता और बढ़ गई है. ऐसे में हालात अभी पूरी तरह सामान्य होने में समय लग सकता है. प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि मौसम ठीक होने तक सावधानी बरतें.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement