देवभूमि हिमाचल के कुल्लू जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. बंजार पुलिस थाना क्षेत्र के तहत सोझा के पास एक पर्यटक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से कई फीट नीचे खाई में जा गिरा. इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी रास्तों पर सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.
ताजा जानकारी के अनुसार, वाहन (DL1BC 4958) में कुल 22 लोग सवार थे, जिनमें से अधिकांश पर्यटक बताए जा रहे हैं. दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन के गिरने के बाद चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों की सूचना पर DDMA कुल्लू और पुलिस की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं.
अब तक कुल 22 यात्रियों में से 18 लोगों को सुरक्षित निकालकर खाई से बाहर लाया गया है. उपायुक्त अनुराग चंद्र ने पुष्टि की है कि इस हादसे में 4 लोगों की जान चली गई है, जिनमें 2 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं.
बचाए गए सभी 18 घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल (CH) बंजार में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी देखरेख कर रही है. फिलहाल बचाव अभियान समाप्त हो गया है. देखें VIDEO:-
DDMA कुल्लू के अनुसार, बचाव अभियान प्रशासन, पुलिस, राजस्व विभाग, अग्निशमन सेवा, स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय निवासियों ने मिलकर चलाया था, जिन्होंने इस कार्य में त्वरित और सराहनीय भूमिका निभाई.