scorecardresearch
 

हिमाचल में बड़ा सड़क हादसा: सीने में दर्द से बेहाल हो गया ड्राइवर, पलट गई बस, 40 यात्री घायल

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के नूरपुर में एक बस बेकाबू होकर पलट गई. यह बस चंबा से ऊना जा रही थी, जिसमें करीब 40 यात्री सवार थे, इनमें कई घायल हो गए और कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है. हादसे के बाद सभी घायलों को नूरपुर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर मरीजों को टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है.

Advertisement
X
हादसे में चार लोगों की हालत ज्यादा गंभीर. (Photo: Representational)
हादसे में चार लोगों की हालत ज्यादा गंभीर. (Photo: Representational)

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के नूरपुर क्षेत्र में बड़ा सड़क हादसा हो गया. चंबा से ऊना जा रही एक बस अचानक बेकाबू होकर सड़क पर पलट गई. इस हादसे में करीब 40 यात्री घायल हो गए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत राहत और बचाव कार्य में जुट गए. शुरुआती जानकारी के अनुसार, ड्राइवर के सीने में अचानक तेज दर्द उठा, जिसके कारण बस बेकाबू हो गई और पलट गई.

जानकारी के अनुसार, यह निजी बस चंबा से ऊना की ओर अपनी नियमित यात्रा पर थी. जैसे ही बस नूरपुर के पास पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंची, अचानक उसका बैलेंस बिगड़ गया और वह सड़क पर पलट गई. शुरुआती जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि बस चालक को सीने में दर्द हुआ था, उसे अचानक हार्ट अटैक आया, जिसके कारण यह हादसा हो गया.

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बस से बाहर निकालने में मदद की. कई यात्री बस के अंदर फंसे हुए थे, जिन्हें बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला गया. इसके बाद सभी घायलों को नूरपुर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने तुरंत इलाज शुरू किया.

यह भी पढ़ें: बरगी क्रूज हादसा: बिहार के मजदूर बने 'देवदूत', मौत से छीन लाए कई जिंदगियां, MP सरकार ने दिया 51-51 हजार रुपये का पुरस्कार

Advertisement

अस्पताल प्रशासन के अनुसार, करीब 40 घायलों को उपचार के लिए लाया गया है, जिनमें से कुछ यात्रियों की हालत गंभीर है. गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए कांगड़ा स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर कर दिया गया है. बाकी घायलों का उपचार नूरपुर सिविल अस्पताल में जारी है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बस सड़क पर पलटने के बजाय खाई में गिरती, तो यह हादसा और भी बड़ा हो सकता था और जान-माल का भारी नुकसान हो सकता था. 

हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गई और राहत कार्यों का जायजा लिया. पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. शुरुआती तौर पर चालक की तबीयत बिगड़ने को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है. प्रशासन ने घायलों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है.

---- समाप्त ----
(रिपोर्ट: पूजा शर्मा)
Live TV

Advertisement
Advertisement