scorecardresearch
 

भाई ने PUBG खेलने से किया मना तो नहर में कूदा 9वीं का छात्र, तलाश जारी

करनाल में घर में हुई कहासुनी और पबजी (PUBG) खेलने से रोकने के बाद 9वीं कक्षा के 15 वर्षीय छात्र प्रिंस ने पश्चिमी यमुना नहर में छलांग लगा दी. बड़े भाई सोनू ने उसे पकड़कर रोकने की कोशिश की, लेकिन वह हाथ छुड़ाकर पानी में कूद गया. पुलिस और गोताखोरों ने रातभर तलाश की, लेकिन अब तक छात्र का कोई सुराग नहीं मिला है.

Advertisement
X
अभी तक नहर से नहीं बरामद हुई बॉडी. (Photo: Screengrabs)
अभी तक नहर से नहीं बरामद हुई बॉडी. (Photo: Screengrabs)

हरियाणा के करनाल में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां घर में हुई कहासुनी और पबजी (PUBG) खेलने से रोकने के बाद 9वीं कक्षा के 15 वर्षीय छात्र ने पश्चिमी यमुना नहर में छलांग लगा दी. उसका बड़ा भाई उसे बचाने के लिए पीछे-पीछे दौड़ा और नहर की ग्रिल के पास पकड़कर रोकने की कोशिश भी की, लेकिन छात्र हाथ छुड़ाकर नहर में कूद गया. इसके बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.

घटना करनाल के शास्त्री नगर की है. छात्र की पहचान प्रिंस के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि घर से गुस्से में निकलने के बाद वह नहर की तरफ भागा था. आसपास के लोगों ने उसे नहर की ओर जाते देखा तो उसके बड़े भाई सोनू को इसकी जानकारी दी. सोनू भी तुरंत उसके पीछे दौड़ा. उसने नहर की ग्रिल के पास प्रिंस को पकड़ लिया, लेकिन दोनों के बीच हुई खींचतान में प्रिंस हाथ छुड़ाकर पानी में कूद गया.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोर मौके पर पहुंचे. देर रात तक नहर में छात्र की तलाश की गई, लेकिन अंधेरा होने के कारण उसका कोई सुराग नहीं मिल सका. सुबह दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया. इसके बावजूद खबर लिखे जाने तक प्रिंस का पता नहीं चल पाया था. परिजन भी अपने स्तर पर नहर में उसकी तलाश कर रहे हैं.

Advertisement

पढ़ाई के लिए कहा था, मोबाइल गेम पर डांटने की बात से इनकार
परिजनों के मुताबिक घर में कोई बड़ी कहासुनी नहीं हुई थी. प्रिंस को सिर्फ पढ़ाई करने के लिए कहा गया था. परिवार का कहना है कि घरों में छोटी-मोटी बातचीत होती रहती है, लेकिन ऐसी कोई गंभीर बात नहीं हुई थी, जिससे वह इतना बड़ा कदम उठा ले.

प्रिंस के बड़े भाई सोनू ने बताया कि वह अपनी पत्नी को दवाई दिलाने गया था. घर लौटकर उसने पत्नी से भाई को खाना देने के लिए कहा, लेकिन प्रिंस ने खुद खाना देने की बात कही. इसके कुछ देर बाद वह गुस्से में घर से निकल गया. सोनू ने मोबाइल गेम खेलने को लेकर डांटने की बात से भी इनकार किया है.

वहीं, परिजनों ने जिला प्रशासन से जल्द से जल्द सर्च ऑपरेशन तेज करने की अपील की है. उनका आरोप है कि मौके पर गोताखोर और पुलिसकर्मी मौजूद नहीं हैं. परिवार को अब भी प्रिंस के मिलने का इंतजार है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement