गुजरात के वडोदरा के चर्चित हिट एंड रन मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 21 वर्षीय आरोपी हर्ष मेडा को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी पर आरोप है कि उसने तेज रफ्तार i20 कार से एमएस यूनिवर्सिटी के तीन छात्रों की स्कूटी को टक्कर मार दी थी. इस हादसे में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे.
दरअसल, यह हादसा 13 जुलाई की देर रात करीब 1:15 बजे वीआईपी रोड पर हुआ था. पुलिस के मुताबिक, बिना नंबर प्लेट लगी i20 कार तेज रफ्तार में थी. टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार तीनों छात्र सड़क पर जा गिरे. स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान एक छात्र ने दम तोड़ दिया.
यह भी पढ़ें: वडोदरा में खौफनाक हिट एंड रन: तीन छात्रों को टक्कर मार कार छोड़ भागा चालक, CCTV में कैद हुई लाइव टक्कर
हादसे के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था. इसके बाद पुलिस ने इलाके में लगे CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य इनपुट के आधार पर उसकी तलाश शुरू की. लगातार जांच के बाद पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही.
हलोल भागा आरोपी, गाड़ी खराब हुई तो पुलिस ने दबोचा
पुलिस जांच में सामने आया कि हादसे के बाद आरोपी हर्ष मेडा कार लेकर हलोल की ओर भाग गया था. हालांकि रास्ते में उसकी कार खराब हो गई. इसी दौरान पुलिस की टीम ने उसे ट्रेस कर गिरफ्तार कर लिया.
जांच में यह भी पता चला कि आरोपी के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था. इतना ही नहीं, दुर्घटना के बाद उसने कार पर लगी ब्लैक फिल्म भी खुद ही हटा दी थी, ताकि वाहन की पहचान छिपाई जा सके और जांच को गुमराह किया जा सके.
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि हादसे के समय आरोपी किस परिस्थिति में वाहन चला रहा था और क्या उसने अन्य यातायात नियमों का भी उल्लंघन किया था.
एमएस यूनिवर्सिटी के छात्र थे तीनों पीड़ित
हादसे का शिकार हुए तीनों युवक एमएस यूनिवर्सिटी के छात्र हैं. पुलिस के अनुसार, वे विश्वविद्यालय के प्रथम और तृतीय सेमेस्टर में पढ़ाई कर रहे थे और हॉस्टल में रहते थे. हादसे ने विश्वविद्यालय परिसर और छात्रों के बीच शोक का माहौल पैदा कर दिया है.
घटना के बाद पुलिस ने घायल छात्रों के बयान भी दर्ज किए हैं. साथ ही दुर्घटना से जुड़े सभी तकनीकी और फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं ताकि चार्जशीट को मजबूत बनाया जा सके.
जांच अधिकारी यह भी पता लगा रहे हैं कि हादसे के समय कार की रफ्तार कितनी थी और दुर्घटना से पहले व बाद में आरोपी की गतिविधियां क्या थीं.
हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है. दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने लाई जा सके.
फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
इस मामले ने एक बार फिर तेज रफ्तार, बिना लाइसेंस वाहन चलाने और यातायात नियमों की अनदेखी के गंभीर परिणामों को उजागर किया है. एक छात्र की जान चली गई, जबकि दो अन्य अब भी हादसे की चोटों से उबर रहे हैं.