scorecardresearch
 

सूरत में भारी बारिश बनी काल, 7 दिन में 47 लोगों की गई जान

सूरत में एक हफ्ते की भारी बारिश और बाढ़ से 47 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. प्रशासन का कहना है कि अब शहर में जलभराव खत्म हो चुका है. साथ ही राहत और सफाई का काम तेजी से जारी है.

Advertisement
X
सूरत में भारी बारिश के बाद जलभराव. (PTI Photo)
सूरत में भारी बारिश के बाद जलभराव. (PTI Photo)

गुजरात के सूरत में पिछले एक हफ्ते के दौरान हुई भारी बारिश और बाढ़ ने बड़ा नुकसान पहुंचाया है. कलेक्टर कार्यालय के मुताबिक, अब तक 47 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है. प्रशासन का कहना है कि राहत और सफाई का काम तेजी से चल रहा है. फिलहाल शहर में कहीं भी जलभराव की स्थिति नहीं है.

सूरत कलेक्टर कार्यालय के नायब तहसीलदार साजिद खान ने आजतक से बातचीत में बताया कि पिछले एक सप्ताह में बारिश और बाढ़ से कुल 47 लोगों की मौत हुई है. इनमें 43 मौतें सूरत शहर में हुईं, जबकि 4 लोगों की जान सूरत ग्रामीण इलाके में गई. शहर में हुई 43 मौतों में पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक 29 एक्सीडेंटल डेथ के मामले दर्ज हैं. वहीं, फायर विभाग ने 14 मौतों की पुष्टि की है. प्रप्रशासन को अब तक 19 मृतकों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट (COD) मिल चुकी है.

पीड़ितों को मिलेगी आर्थिक मदद

इस आपदा को देखते हुए सरकारी नियमों के तहत सभी मृतकों के पीड़ित परिवारों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है. राहत की बात यह है कि अब हालात में सुधार देखने को मिल रहा है. इसे देखते हुए मौतों का यह आंकड़ा आगे बढ़ने की उम्मीद नहीं है. अधिकारियों के मुताबिक, पूरे मानसून सीजन की करीब 50 फीसदी बारिश सिर्फ तीन दिनों में हो गई. लगातार हुई तेज बारिश की वजह से शहर के कई हिस्सों में बाढ़ जैसे हालात बन गए थे. कई इलाकों में सड़कें डूब गईं और सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ.

Advertisement

सूरत नगर निगम (SMC) ने साफ किया है कि फिलहाल किसी भी इलाके में जलभराव यानी पानी जमा होने की स्थिति नहीं है. सड़कों से बाढ़ का पानी पूरी तरह उतर चुका है. महामारी फैलने से रोकने के लिए पूरे शहर के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी युद्ध स्तर पर सफाई अभियान शुरू कर दिया गया है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement