scorecardresearch
 

मोबाइल गायब हुआ तो युवक ने उतारा गुस्सा, प्लेटफॉर्म पर 47 साल के शख्स को पीट-पीटकर मार डाला

सूरत रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-4 पर मोबाइल चोरी के शक ने एक शख्स की जान ले ली. आरोपी आकाश को शक था कि 47 वर्षीय नितिन कक्कड़ ने उसका फोन चुराया है. इसी बात पर उसने नितिन को बेरहमी से पीटा और सिर पर कई वार किए. पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि हुई तो रेलवे पुलिस ने CCTV फुटेज खंगालकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

Advertisement
X
CCTV से खुला हत्या का राज.(Photo: Sanjay Singh J Rathod/ITG)
CCTV से खुला हत्या का राज.(Photo: Sanjay Singh J Rathod/ITG)

गुजरात के सूरत रेलवे स्टेशन पर महज मोबाइल फोन चोरी के शक में एक 47 वर्षीय व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. प्लेटफॉर्म नंबर-4 पर हुई इस वारदात में आरोपी ने युवक के सिर पर लात-घूंसे और कई वार किए, जिससे उसकी जान चली गई. रेलवे पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से कुछ ही घंटों में हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए स्टॉल कर्मचारी आकाश को गिरफ्तार कर लिया है.

मृतक की पहचान सूरत शहर के डिंडोली इलाके में स्थित शिवधारा बंगलों में रहने वाले 47 वर्षीय नितिन उमेदलाल कक्कड़ के रूप में हुई है. 28 अक्टूबर को उनका शव सूरत रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-4 के उत्तरी छोर के पास एक बेंच पर संदिग्ध हालत में मिला था. सूचना मिलने पर रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजकर जांच शुरू की.

यह भी पढ़ें: 'हम बोगस डॉक्टर हैं' कैमरे पर खुद बोल पड़े आरोपी, सूरत में 9 फर्जी डॉक्टर अरेस्ट, कोई 12वीं पास तो कोई बीफार्मा

शुरुआत में नितिन की मौत की वजह स्पष्ट नहीं थी. हालांकि, पोस्टमार्टम के दौरान उनके सिर पर गंभीर चोटों के निशान मिले. डॉक्टरों की रिपोर्ट में इन चोटों को मौत की वजह बताया गया. इसके बाद रेलवे पुलिस ने संदिग्ध मौत के मामले को हत्या के एंगल से देखते हुए जांच तेज कर दी.

Advertisement

मोबाइल गायब होने पर नितिन पर हुआ शक, फिर कर दी पिटाई

पुलिस की जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी आकाश सूरत रेलवे स्टेशन पर अपने ससुर के नाश्ते के स्टॉल पर काम करता है. स्टॉल का संचालन दो शिफ्ट में होता है. एक शिफ्ट में उसके ससुर जिम्मेदारी संभालते हैं, जबकि दूसरी पाली में आकाश वहां काम करता है.

वारदात वाली रात आकाश स्टॉल पर मौजूद था. इसी दौरान उसका मोबाइल फोन गायब हो गया. उसे शक हुआ कि नितिन कक्कड़ ने ही उसका फोन चोरी किया है. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया. देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और आकाश ने नितिन को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया.

आरोपी ने नितिन के सिर पर भी कई वार किए. इस हमले में उन्हें गंभीर चोटें आईं और उनकी मौत हो गई. पुलिस ने स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों से अहम सुराग मिलने के बाद एलसीबी और सूरत रेलवे पुलिस की संयुक्त टीम ने कुछ ही घंटों में आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में मोबाइल गायब होने और मृतक पर चोरी का शक होने की बात सामने आई है.

Advertisement

सूरत​

जीआरपी ने हत्या का केस दर्ज कर आरोपी को पकड़ा

पश्चिम रेलवे के डीवाईएसपी डी.एच. गौड़ ने बताया कि बीते दिन सूरत रेलवे स्टेशन के स्टेशन अधीक्षक ने प्लेटफॉर्म नंबर-4 पर बेंच के ऊपर एक व्यक्ति के मृत अवस्था में पड़े होने की सूचना दी थी. इसके बाद सूरत जीआरपी थाने की पुलिस ने कार्रवाई शुरू की. पोस्टमार्टम कराने के बाद मृतक के परिजनों से संपर्क किया गया और उन्हें बुलाया गया.

गौड़ के मुताबिक, परिजनों की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं में हत्या का मामला दर्ज किया गया. इसके बाद एलसीबी और सूरत रेलवे पुलिस की संयुक्त टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आकाश को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी प्लेटफॉर्म नंबर-4 पर ही एक स्टॉल पर काम करता है. पुलिस के अनुसार, उसे शक था कि मृतक ने उसका मोबाइल चोरी किया है और इसी वजह से उसने मारपीट की थी. फिलहाल आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

शव को लेकर जाने की बात पर डीवाईएसपी ने दी सफाई

डीवाईएसपी डी.एच. गौड़ ने उस खबर को भी भ्रम बताया, जिसमें दावा किया गया था कि परिजन शव को लेकर चले गए थे और फिर वापस आए. उन्होंने स्पष्ट किया कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजन शव को वहीं छोड़कर जाना चाहते थे और चाहते थे कि अंतिम संस्कार की आगे की प्रक्रिया पुलिस करे या शव तत्काल उन्हें सौंप दिया जाए. इसी बात को लेकर वे शव लेकर वहां से निकल गए थे.

Advertisement

गौड़ ने बताया कि थाना प्रभारी ने परिजनों को समझाकर वापस बुलाया. शुरुआत में वे प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए भी तैयार नहीं थे. पुलिस के समझाने के बाद उन्होंने शिकायत दी, जिसके आधार पर हत्या का केस दर्ज किया गया. इसके बाद नियमानुसार शव परिजनों को सौंप दिया गया और उसका अंतिम संस्कार भी हो चुका है. डीवाईएसपी के मुताबिक, अस्पताल से बाहर निकलते ही परिजनों को समझाकर वापस बुला लिया गया था.

नासिक का रहने वाला था मृतक, कई साल से परिवार से था अलग

पुलिस के अनुसार, नितिन कक्कड़ मूल रूप से महाराष्ट्र के नासिक के रहने वाले थे, लेकिन कई वर्षों से अपने परिवार से अलग रह रहे थे. वह पिछले करीब 5 से 7 साल से गुजरात में इधर-उधर रहकर जीवन गुजार रहे थे. मृतक फुटकर मजदूरी करते थे. पहले उधना वाशिंग यार्ड में रेलवे कर्मचारियों के साथ वाशिंग लाइन पर काम करते थे.

बीच में करीब दो महीने तक वह भुज में भी रहे, जहां वाशिंग लाइन पर मजदूरी कर रहे थे. हाल ही में वापस सूरत लौटने के बाद प्लेटफॉर्म पर साफ-सफाई के काम में सहयोग कर रहे थे. डीवाईएसपी ने बताया कि परिवार की ओर से कोई मांग नहीं की गई है. परिजन कई साल से उनसे अलग रह रहे थे और शुरुआत में शिकायत दर्ज कराने को भी तैयार नहीं थे. पुलिस के समझाने के बाद उन्होंने शिकायत दी और अब नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

Advertisement

फिलहाल रेलवे पुलिस आरोपी आकाश से पूछताछ कर रही है और हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है. महज एक मोबाइल फोन गायब होने के शक में 47 वर्षीय व्यक्ति की जान चले जाने की इस घटना ने रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था और सार्वजनिक स्थानों पर बढ़ती हिंसक घटनाओं को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement