scorecardresearch
 

कलयुगी माता-पिता की करतूत, 5 साल के बेटे को लावारिस छोड़ा... 7 महीने बाद अनाथालय में मिला

सूरत के वराछा में एक दंपति ने अपने 5 वर्षीय बेटे को बोझ समझकर सात महीने पहले चौपाटी पर छोड़ दिया और बाद में उसके लापता होने की झूठी शिकायत दर्ज करा दी. पुलिस ने 25 सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के आधार पर सच्चाई उजागर की. बच्चा कतारगाम के चिल्ड्रन होम से सुरक्षित मिला.

Advertisement
X
पुलिस ने जांच के दौरान कर दिया पूरे मामले का खुलासा. (Photo: Representational )
पुलिस ने जांच के दौरान कर दिया पूरे मामले का खुलासा. (Photo: Representational )

सूरत शहर के वराछा इलाके में रिश्तों को शर्मसार करने वाली और कलयुगी माता-पिता का क्रूर चेहरा उजागर करने वाली एक घटना सामने आई है. यहां माता-पिता ने 5 साल के मासूम बेटे को बोझ समझकर 7 महीने पहले चौपाटी पर छोड़ दिया था. वहीं बच्चा गायब होने का शक न हो, इसलिए दोनों ने पुलिस में शिकायत भी दर्ज करा दी. हालांकि, पुलिस ने पूरे मामले की जांच करते हुए खुलासा कर दिया. 

जांच के दौरान टूट गया दंपति और उगल दिया सच
जांच के दौरान पुलिस ने मासूम बच्चे को कतारगाम के चिल्ड्रन होम से सुरक्षित ढूंढ निकाला और आपराधिक साजिश रचने वाले दोषी माता-पिता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है. वराछा में रहने वाले 30 वर्षीय रवि और उनकी पत्नी दुर्गा वराछा पुलिस स्टेशन पहुंचे थे. उन्होंने पुलिस के सामने रोते हुए बताया कि उनका 5 साल का बेटा अमन कुछ दिन पहले शाम करीब 6 बजे घर के आंगन में खेलते-खेलते अचानक कहीं गायब हो गया. 

हालांकि, माता-पिता की बातों और चेहरे के हाव-भाव संदिग्ध लगने पर पुलिस ने गहन जांच शुरू की. पुलिस ने लगभग 25 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की बारीकी से जांच की और स्थानीय लोगों से पूछताछ की. पुलिस ने बताया कि हैरानी की बात यह थी कि सीसीटीवी फुटेज में शिकायतकर्ता दंपति द्वारा बताई गई बातों की पुष्टि करने वाला कोई सबूत नहीं मिला, जिससे पुलिस का शक और गहरा गया. पुलिस की सख्ती और गहन पूछताछ के बाद दोनों टूट गए. जिसके बाद जो सच्चाई सामने आई, उसने सभी को हैरान कर दिया.

Advertisement

लापता 5 साल का मासूम अमन असल में दुर्गा के पहले पति राजकुमार का बेटा था. दुर्गा ने रवि से दूसरी शादी की थी. सौतेले पिता रवि और सगी मां दुर्गा इस मासूम बच्चे को अपने साथ रखने या उसकी परवरिश करने के लिए बिल्कुल भी तैयार नहीं थे. अपने स्वार्थ के लिए उन्होंने इस बच्चे को बोझ समझकर हमेशा के लिए रास्ते से हटाने की क्रूर साजिश रची थी. दूसरी शादी के बाद यह दंपति बच्चे को बोझ मानता था. जब लोगों ने बच्चे के बारे में पूछना शुरू किया, तो कानून के डर से बचने के लिए उन्होंने उसके लापता होने का नाटक रचा. 

पुलिस ने दंपति को किया गिरफ्तार
आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने लगभग 7 महीने पहले, यानी 1 दिसंबर 2025 को मासूम अमन को वराछा के जगदीश नगर चौपाटी इलाके में लावारिस हालत में अकेला छोड़ दिया था. हाल ही में कुछ लोगों द्वारा दुर्गा से बच्चे के बारे में बार-बार पूछताछ किए जाने के कारण, अपनी सच्चाई सामने आने के डर से बचने के लिए इस चालाक दंपति ने यह झूठी कहानी गढ़ी. दंपति ने लोगों को बताया कि बच्चा हाल ही में गायब हुआ है. अपने मासूम बच्चे को असुरक्षित हालत में छोड़ देने और पुलिस को गुमराह करके गलत जानकारी देने के आरोप में वराछा पुलिस ने आरोपी रवि और उसकी पत्नी दुर्गा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 93 और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया है. साथ ही दोनों को गिरफ्तार करके आगे की कार्रवाई भी शुरू कर दी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement