scorecardresearch
 

बुजुर्ग को बंधक बनाकर लूट लिए 2.47 करोड़ रुपए... 5 नकाबपोशों ने दिया वारदात को अंजाम

गुजरात के राजकोट जिले में 77 साल के बुजुर्ग को बंधक बनाकर 2.47 करोड़ रुपये कैश, सोना, राइफल और मोबाइल लूट लिए गए. 4 से 5 नकाबपोश बदमाश देर रात घर में घुसे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए. पुलिस ने डॉग स्क्वॉड, एफएसएल और कई टीमों को जांच में लगाया है.

Advertisement
X
दरवाजा तोड़कर घर में घुसे थे बदमाश. (Photo: Representational)
दरवाजा तोड़कर घर में घुसे थे बदमाश. (Photo: Representational)

राजकोट के शापर-वेरावल इलाके में करोड़ों रुपये की लूट की वारदात सामने आने से सनसनी फैल गई है. यहां रहने वाले 77 साल के जितेंद्रसिंह अजीतसिंह जाडेजा को 19 जून की रात करीब 1.30 बजे बंधक बना लिया गया. इस दौरान बदमाश 2.47 करोड़ रुपये कैश और करीब 2 लाख रुपये का सोना व अन्य चीजें लूट ले गए. इस वारदात को 4 से 5 नकाबपोश लुटेरों ने अंजाम दिया.

घटना की जानकारी मिलते ही राजकोट ग्रामीण एसपी समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और जायजा लिया. एलसीबी और स्थानीय पुलिस की अलग-अलग टीमें बनाकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है. घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं. जाडेजा परिवार खेती, पेट्रोल पंप और प्लॉटिंग के व्यवसाय से जुड़ा हुआ है. 

इस मामले में शापर-वेरावल पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है. पीड़ित जितेंद्रसिंह जाडेजा ने बताया कि बदमाश दरवाजा तोड़कर घर में घुसे. आवाज सुनकर उनकी नींद खुल गई. लुटेरे 2 करोड़ 47 लाख रुपये कैश, करीब 2 लाख रुपये का सोना, एक राइफल और एक मोबाइल फोन ले गए हैं.

यह भी पढ़ें: दिन में ज्वेलरी कारोबारी से लूट, रात में घर में डकैती कर 25 लाख का माल साफ, नालंदा में बेखौफ बदमाश

Advertisement

राजकोट ग्रामीण एसपी विजयसिंह गुर्जर ने बताया कि रात करीब डेढ़ बजे बुजुर्ग को बंधक बनाकर 2.47 करोड़ की लूट की वारदात को अंजाम दिया गया. मामले की जांच के लिए एफएसएल, डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की मदद ली गई है. सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है.

पुलिस आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है. एसपी ने बताया कि 4 से 5 नकाबपोश बदमाश घर में घुसे थे. उन्होंने घर के मालिक जितेंद्रसिंह जाडेजा को डराया-धमकाया. उन्हें मामूली चोट पहुंचाई और उन्हें एक तरफ बैठा दिया. 

इसके बाद अलमारी से कैश, एक राइफल और सोना लेकर फरार हो गए. पुलिस को रात करीब 2 बजे सूचना मिली. इसके बाद स्थानीय पीआई, डीएसपी और एसपी समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. एफएसएल टीम, डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement