बिहार के नालंदा जिले में अपराधियों ने एक के बाद एक दो बड़ी वारदातों को अंजाम देकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. पहली घटना सिलाव थाना क्षेत्र में हुई, जहां बाइक सवार बदमाशों ने एक ज्वेलरी कारोबारी से करीब 45 लाख रुपये के जेवरात से भरा बैग लूट लिया. दूसरी घटना परवलपुर थाना क्षेत्र में हुई, जहां हथियारबंद बदमाशों ने एक घर में घुसकर करीब 25 लाख रुपये की डकैती डाल दी.
दरअसल, पहली वारदात सिलाव थाना क्षेत्र के भुई मोड़ के पास हुई. यहां ज्वेलरी कारोबारी मोनू कुमार अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे. उनके पास जेवरात से भरा बैग था, जिसमें करीब 15 किलो चांदी और लगभग 3 लाख रुपये कीमत का सोना रखा हुआ था.
यह भी पढ़ें: बिहार: नालंदा में पति ने पत्नी को पीट-पीटकर मार डाला, बचने के लिए फैलाई सीढ़ी से गिरने की अफवाह
मोनू कुमार ने बताया कि जैसे ही वह भुई मोड़ के पास पहुंचे, दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया. विरोध करने पर अपराधियों ने पिस्तौल की बट से उनके सिर पर हमला कर दिया. इसके बाद बैग छीन लिया और फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गया.
CCTV के जरिए अपराधियों की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही सिलाव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है.
राजगीर के डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है. सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.
दिनदहाड़े हुई इस लूट की घटना के बाद इलाके के कारोबारियों में दहशत का माहौल है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
रात में हथियारबंद बदमाशों ने घर में डाली डकैती
दूसरी बड़ी वारदात परवलपुर थाना क्षेत्र के गागोबिगहा गांव में हुई. यहां मंगलवार देर रात 10 से 12 की संख्या में हथियारबंद बदमाश छत के रास्ते प्रवीण कुमार के घर में घुस गए.
घर में उस समय प्रवीण कुमार और उनकी पत्नी ही मौजूद थे. बदमाशों ने दोनों को हथियार के बल पर अपने कब्जे में ले लिया, उनके साथ मारपीट की और हाथ-पैर बांध दिए. इसके बाद करीब दो घंटे तक पूरे घर में आराम से डकैती की वारदात को अंजाम दिया.
डकैतों ने घर में रखे बक्से, गोदरेज और अटैचियों के ताले तोड़ दिए. इसके बाद करीब 20 भर सोने के जेवर, चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान सहित लगभग 25 लाख रुपये का माल समेटकर फरार हो गए.
भागते समय खेत में छूट गया ट्रॉली बैग
पीड़ित परिवार के अनुसार, बदमाशों के जाने के बाद उन्होंने शोर मचाया तो ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपराधियों का पीछा करने की कोशिश की. ग्रामीणों ने बताया कि गांव के बाहर दो वाहन पहले से खड़े थे, जिनमें एक सफेद और दूसरा काले रंग का था. सभी बदमाश उन्हीं वाहनों में बैठकर फरार हो गए.
जल्दबाजी में भागने के दौरान बदमाशों का एक ट्रॉली बैग और कुछ पीतल के बर्तन खेत में ही छूट गए, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया है.
ग्रामीणों का आरोप है कि पीछा करने के दौरान करीब आधा किलोमीटर दूर पुलिस की गश्ती गाड़ी खड़ी थी. उन्होंने पुलिस को बदमाशों के बारे में बताया, लेकिन पुलिस ने अपराधियों का पीछा करने के बजाय ग्रामीणों के वाहन को रोककर पूछताछ में समय गंवा दिया.
लगातार हो रही वारदातों से ग्रामीणों में आक्रोश
ग्रामीणों का कहना है कि यदि पुलिस समय रहते सक्रिय हो जाती और आसपास के थानों को तुरंत सूचना देकर नाकेबंदी कराती तो डकैतों को माल समेत पकड़ा जा सकता था.
स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस महीने परवलपुर थाना क्षेत्र के पालिच, बड़ौनी, गागोबिगहा समेत कई गांवों में आधा दर्जन से अधिक चोरी और डकैती की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक पुलिस किसी भी मामले का खुलासा नहीं कर सकी है.
लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है. ग्रामीणों ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग भी की थी. फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी हुई है.