scorecardresearch
 

गुजरात में AAP का जनसमर्थन देख डरी बीजेपी, हमारे कार्यकर्ताओं को करा रही गिरफ्तार: अरविंद केजरीवाल

दाहोज की रैली में अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि गुजरात में आप को मिल रहे जनसमर्थन से बीजेपी डर गई है, इसीलिए उनके कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया जा रहा है. केजरीवाल ने गारंटी दी कि राज्य में सरकार बनने पर मुफ्त बिजली, महिलाओं को 1000 रुपये और 10 लाख का स्वास्थ्य बीमा दिया जाएगा.

Advertisement
X
गुजरात में महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये देगी 'आप' सरकार (Photo: ITG)
गुजरात में महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये देगी 'आप' सरकार (Photo: ITG)

गुजरात के दाहोज में आयोजित 'विजय विश्वास सभा' में आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बीजेपी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है. दोनों नेताओं ने बीजेपी और कांग्रेस के 'गुप्त गठबंधन' पर करारा हमला बोलते हुए कहा कि गुजरात की जनता अब बदलाव के लिए पूरी तरह तैयार है. केजरीवाल ने आरोप लगाया कि राज्य में आप को मिल रहे भारी जनसमर्थन से बीजेपी घबरा गई है और बौखलाहट में रोज हमारे कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करवा रही है.

केजरीवाल ने बीजेपी सरकार को घेरते हुए कहा कि 30 साल से सत्ता में रहने के बावजूद बीजेपी ने जनता को अच्छे स्कूल और अस्पताल नहीं दिए. उन्होंने कहा, 'इनकी नीयत ही खराब है, इसलिए न तो किसानों को खेती के लिए पानी मिला और न ही बिजली. अब जब लोग हमारे पार्टी के साथ जुड़ रहे हैं, तो बीजेपी डरकर दमनकारी नीतियां अपना रही है.' इस दौरान, केजरीवाल ने वादा किया कि अगर उनकी सरकार बनी, तो गुजरात में भी बिजली मुफ्त होगी और महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये मिलेंगे.

आदिवासी समाज और भ्रष्टाचार का मुद्दा

रैली में केजरीवाल ने आदिवासी समाज की अनदेखी का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने कहा कि आदिवासियों के कल्याण के लिए आने वाला अरबों रुपया बीजेपी और कांग्रेस के नेता मिलकर खा जाते हैं. उन्होंने मनरेगा घोटाले का जिक्र करते हुए कहा कि जब आप विधायक ने मजदूरों के हक के लिए आवाज उठाई, तो उन्हें जेल भेज दिया गया.

Advertisement

वहीं, सीएम भगवंत मान ने भी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि गुजरात में कांग्रेस और बीजेपी एक ही हैं. उन्होंने जनता को आगाह किया कि कांग्रेस को वोट देने का मतलब बीजेपी को ही फायदा पहुंचाना है, क्योंकि चुनाव के बाद उनके विधायक पाला बदल लेते हैं. मान ने पंजाब का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां अब किसानों को मुफ्त बिजली और नहरी पानी मिल रहा है, वैसा ही सुख गुजरात में भी लाया जाएगा.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement