महाठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपए की ठगी और मनी लॉन्ड्रिंग केस में अदालती कार्रवाई चल रही है. इस मामले में एक ओर जहां उसके खास सहयोगी मोहम्मद नवाज कक्कट इस्माइल को पुलिस कस्टडी में भेजा गया है, वहीं उसकी पत्नी लीना मारिया पॉलोस को मकोका केस में जमानत से इनकार कर दिया गया है.
जानकारी के मुताबिक, आर्थिक अपराध के कई गंभीर मामलों में वांछित भगोड़े अपराधी मोहम्मद नवाज कक्कट इस्माइल को दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने 10 दिनों की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है. संयुक्त अरब अमीरात से दिल्ली लाए जाने के बाद पुलिस ने उसे मकोका के मामले में गिरफ्तार कर कोर्ट के समक्ष पेश किया था.
मोहम्मद नवाज कक्कट इस्माइल को ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े मामले में मकोका के तहत गिरफ्तार किया गया था. सीबीआई ने 4 मई 2026 को इस वांछित भगोड़े अपराधी को UAE से भारत प्रत्यर्पित किया था. जबरन वसूली, धोखाधड़ी और जालसाजी के मामलों में वांछित आरोपी के खिलाफ दिल्ली पुलिस रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था.
दूसरी तरफ 200 करोड़ की ठगी से जुड़े मकोका और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में आरोपी ठग सुकेश चंद्रशेखर की पत्नी लीना मारिया पॉलोस को दिल्ली हाईकोर्ट से आंशिक राहत मिली है. हाईकोर्ट ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अभिनेत्री लीना पॉलोस को जमानत दे दी, लेकिन मकोका मामले में को जमानत देने से इनकार कर दिया.
लीना मारिया पॉलोस को सितंबर 2021 में EOW ने गिरफ्तार किया था. इसके बाद ED ने भी उन्हें गिरफ्तार कर लिया था. मनी लॉन्ड्रिंग मामले में उसने दलील दी थी कि इस मामले में अधिकतम सजा 7 साल की है और वह साढ़े चार साल जेल में बिता चुकी हैं. उसकी तरफ से ये भी कहा गया कि सुकेश के साथ उसका संबंध ठीक नहीं है.
सुकेश चंद्रशेखर का दूसरी महिला के साथ संबंध है. जब अदालत ने उस महिला के बारे में पूछा, तो लीना मारिया पॉलोस के वकील ने फिल्म अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस का नाम लिया. इस पूरे मामले में अदालत की सख्ती और जांच एजेंसियों की कार्रवाई यह संकेत दे रही है कि आने वाले दिनों में इस हाई प्रोफाइल केस में बड़े खुलासे हो सकते हैं.