पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार इलाके में पार्किंग विवाद को लेकर हुई फायरिंग में एक युवक की मौत के बाद इलाके में भारी गुस्से का माहौल है. घटना के विरोध में पीड़ित परिवार और RWA प्रतिनिधि प्रीत विहार थाने पहुंचे और शांतिपूर्ण प्रदर्शन करते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई.
पुलिस के अनुसार सोमवार तड़के करीब 2:22 बजे और 2:26 बजे दो पीसीआर कॉल मिली थी. जिनमें फायरिंग और झगड़े की सूचना दी गई थी. मौके पर पहुंचकर पुलिस ने जांच शुरू की, जिसमें सामने आया कि ए-144, प्रीत विहार पर पार्किंग को लेकर पंकज नैय्यर और उसके भाई पारस का गौरव शर्मा के साथ विवाद हो गया था.
आरोपी फायरिंग के बाद साथियों संग फरार
विवाद के दौरान आरोप है कि गौरव शर्मा ने गोली चला दी, जो पंकज नैय्यर के सीने में जा लगी. गोली लगते ही पंकज गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तुरंत निर्माण विहार स्थित मलिक रेडिक्स हेल्थ केयर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
घटना के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया. पुलिस ने इस मामले में प्रीत विहार थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1)/115(2)/3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 के तहत मामला दर्ज कर लिया है.
घटना से गुस्साए परिजन और आरडब्ल्यूए पदाधिकारी थाने पहुंचे और शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इस घटना से पूरे इलाके में डर और गुस्से का माहौल है. उन्होंने पुलिस से मांग की कि सभी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए.
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों के अनुसार, पुलिस ने उन्हें आश्वासन दिया है कि मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है. पूछताछ के आधार पर उसके अन्य साथियों की गिरफ्तारी भी जल्द की जाएगी. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है. इलाके में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है.