दिल्ली में जंतर-मंतर पर चुनाव आयोग के कमिश्नर ज्ञानेश कुमार के खिलाफ चल रहे विरोध प्रदर्शनों के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच लगातार झड़प के मामले सामने आ रहे हैं. पहले प्रदर्शनकारी पुलिसकर्मियों पर बदसलूकी के आरोप लगा रहे थे. लेकिन अब दिल्ली पुलिस ने दावा किया है कि प्रदर्शनकारी महिला पुलिसकर्मियों के साथ बद्तमीजी कर रहे हैं.
दिल्ली पुलिस ने एक वीडियो जारी किया है जिसमें दिल्ली पुलिस की ADCP और PRO, IPS नेहा यादव ने पुलिस पक्ष को सामने रखा है. उन्होंने दावा किया है कि पुलिसकर्मी प्रदर्शनकर्मियों को हाथ नहीं लगा रहे हैं, लेकिन महिला पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किया जा रहा है.
आईपीएस नेहा यादव ने वीडियो में कहा, 'नई दिल्ली इलाके में चल रहे प्रदर्शनों को संभालने के लिए जमीन पर भारी संख्या में महिला पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है. पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश हैं कि महिला प्रदर्शनकारियों को सिर्फ महिला पुलिसकर्मी ही संभालेंगी.'
उन्होंने आगे कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इंस्टाग्राम रील्स या यूट्यूब शॉट्स में ये साफ देखा जा सकता है कि हमारे अधिकारी महिला प्रदर्शनकारियों को हाथ तक नहीं लगा रहे हैं. इसके बावजूद, धरातल पर हमारी महिला स्टाफ को जो भयानक स्थिति झेलनी पड़ रही है, उसे पूरी तरह और सही तरह से दिखाया नहीं जा रहा है. कुछ पत्रकारों ने इस बात को कवर जरूर किया है कि कैसे ड्यूटी पर तैनात महिला स्टाफ के साथ सरेआम अभद्रता की गई.
महिला कांस्टेबल्स के साथ बर्बरता के आरोप
वीडियो में पुलिस की ओर से बताया गया कि प्रदर्शन के दौरान महिला कांस्टेबल्स को भीड़ के बीच खींचने और उनके साथ अभद्र व्यवहार करने की कोशिशें की गईं. कई महिला कर्मियों ने ये भी शिकायत की है कि कुछ प्रदर्शनकारी शराब के नशे में थे. हालात इतने बिगड़ गए थे कि एक महिला अधिकारी को भीड़ के अंदर खींचने की कोशिश की गई, उनकी यूनिफॉर्म खींची गई और उनके बैज तक नोंचकर ले गए.
आईपीएस नेहा यादव ने कहा कि प्रदर्शनकारियों ने ये भी नहीं देखा कि वो वर्दी में हैं या नहीं. एक महिला का सम्मान हमेशा एक महिला की तरह ही होना चाहिए, लेकिन यहां उस मर्यादा को भी तार-तार किया गया. इन सब हमलों और बदसलूकी के कारण हमारी कई महिला स्टाफ को गंभीर चोटें आई हैं.
यह भी पढ़ें: दिल्ली: विपक्ष का प्रोटेस्ट, कनॉट प्लेस से जंतर-मंतर तक डायवर्जन! दिल्ली पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी
दिल्ली पुलिस अधिकारी ने आखिर में कहा, 'हैरान करने वाली बात ये है कि ये सब होने के बावजूद, हमारी महिलाकर्मी ही बीच-बचाव कर रही हैं और पुरुष अधिकारियों को बचाने के लिए प्रदर्शनकारियों के साथ डटकर मुकाबला कर रही हैं. दिल्ली पुलिस ने इस वीडियो के जरिए जनता से संयम और कानून का पालन करने की अपील की है.'