जामिया मिलिया इस्लामिया में बीते कई दिनों से छात्रसंघ बहाली को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों को आखिरकार बड़ी कामयाबी मिली है. विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों की मांगों के आगे झुकते हुए छात्रसंघ संविधान तैयार करने और चुनाव कराने का आधिकारिक ऐलान कर दिया है.
जामिया प्रशासन के आदेश के मुताबिक, छात्रसंघ के नए संविधान का निर्माण 15 मई 2027 तक पूरा कर लिया जाएगा. इसके बाद 16 जुलाई 2027 से शुरू होने वाले आगामी शैक्षणिक सत्र के छह सप्ताह के भीतर विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव कराए जाएंगे.
यूनिवर्सिटी प्रशासन ने ये भी ऐलान किया है कि आंदोलन के दौरान छात्रों के खिलाफ की गई सभी अनुशासनात्मक कार्रवाइयों को वापस लिया जाएगा. इसके साथ ही कैंपस बैन के फैसलों को रद्द किया जाएगा.
जामिया प्रशासन के इस ऐलान के बाद छात्रों में जश्न का माहौल है. कैंपस में छात्र जमकर जीत के नारे लगाते और खुशी से झूमते नजर आए. वहीं, प्रशासन ने छात्रों से अपनी भूख हड़ताल तुरंत खत्म करने के लिए कहा, जिसके बाद स्टूडेंट्स ने अपना अनशन तोड़ दिया.
20 सालों से जामिया में नहीं हुए छात्रसंघ चुनाव
दरअसल जामिया मिलिया इस्लामिया 20 सालों से छात्रसंघ चुनाव नहीं हुए हैं. जामिया में आखिरी बार छात्रसंघ चुनाव 2005 में हुए थे. मार्च 2006 में परिसर में हुई हिंसा के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रसंघ (JMISU) को भंग कर दिया था. लेकिन अब 18 दिन के प्रदर्शन के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन ने फिर से छात्रसंघ को बहाल करने का फैसला किया है. जामिया में अगस्त 2027 के आखिरी हफ्ते में छात्रसंघ के चुनाव कराए जा सकते हैं.
'इंकलाबी मेला' के रूप में मनाया स्थापना दिवस
जामिया मिल्लिया इस्लामिया अपना 106वें स्थापना दिवस मना रहा है. इस मौके पर छात्रों ने गेट नंबर 7 के पास गुलिस्तान-ए-गालिब के सामने इसे 'इंकलाबी मेला' के रूप में मनाया. भूख हड़ताल पर बैठे एबिन, रेहान और कई छात्र जब कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, तो पूरा परिसर नारों से गूंज उठा.
यह भी पढ़ें: जामिया कैंपस में जबरन घुसने का आरोप, इमरान मसूद समेत कई कांग्रेस सांसदों के खिलाफ FIR
तोड़फोड़ के मामले में दिल्ली पुलिस ने दर्ज की FIR
बता दें कि विश्वविद्यालय परिसर में हाल ही में हुई तोड़फोड़ और हिंसा के मामले में दिल्ली पुलिस ने कानूनी कार्रवाई की है. जामिया प्रशासन की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर दिल्ली पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है.