दिल्ली के करोल बाग के अजमल खां रोड की तरह ईस्ट एमसीडी ने ये फैसला लिया है कि कृष्णा नगर मार्केट के प्रसिद्ध लाल क्वार्टर बाजार और मंदिर मार्ग बाजार की सड़क को आने वाली 7 से 11 अक्टूबर तक व्हीकल फ्री जोन एरिया घोषित किया जाएगा. यानी इस सड़क पर किसी भी वाहन की एंट्री बंद होगी.
इस रोड पर केवल पैदल ही जाया जा सकेगा. थोड़ी-थोड़ी दूर पर बेंच बनाई जाएगी. साथ ही इलाके के प्रदूषण को कम करने की ये कवायद है.
ईस्ट दिल्ली स्टैंडिग कमेटी के चेयरमैन संदीप कपूर ने बताया कि कृष्णा नगर के लॉ क्वार्टर बाजार और मंदिर मार्ग के एरिया में तिल रखने की भी जगह पीक आवर में नहीं होगी. कृष्णा नगर की मल्टीलेवल कार पार्किग पूरी तरह से बनकर तैयार है जो बहुत जल्द लोगों के लिए खोल दी जाएगी.
प्रदूषण के स्तर को देखते हुए ये प्रयोग किया जा रहा है. उदाहरण देते हुए उन्होंने शिमला के मॉल रोड पर खरीदारी करने और उसके अनुभवों को याद दिलाया.
1 मई को भी व्हीकल फ्री जोन एरिया घोषित किया था
बता दें कि करोल बाग मार्केट के अजमल खां रोड को नॉर्थ एमसीडी ने 1 मई को व्हीकल फ्री जोन एरिया घोषित किया था. वहां प्रदूषण का स्तर कम पाया गया. साउथ एमसीडी ने लाजपत नगर स्थित सेंट्रल मार्केट में भी ऐसी व्यवस्था लागू की थी. वहां भी लोगों को राहत मिली है.