कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन और राजधानी में कानून व्यवस्था की मौजूदा स्थिति को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने एक बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है. दिल्ली पुलिस मुख्यालय ने आदेश जारी कर सभी पुलिसकर्मियों और अधिकारियों की नियमित छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी हैं.
यह आदेश कांस्टेबल से लेकर वरिष्ठ अधिकारियों तक सभी पर लागू होगा. दिल्ली पुलिस मुख्यालय से जारी आदेश में कहा गया है कि मौजूदा कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए किसी भी पुलिसकर्मी को अब सामान्य अवकाश, अर्जित अवकाश या अन्य नियमित छुट्टी नहीं दी जाएगी.
केवल वास्तविक आपातकालीन परिस्थितियों में ही छुट्टी मंजूर की जाएगी, जिसके लिए सक्षम अधिकारी की अनुमति अनिवार्य होगी. आदेश में सभी जिला पुलिस उपायुक्तों (DCP) और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे इस आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें. साथ ही यह भी कहा गया है कि सभी छुट्टियों की मंजूरी केवल सत्यापित आपातकालीन मामलों में ही दी जाएगी.
यह भी पढ़ें: क्या दिल्ली पुलिस ने मासूम बच्चों पर बरसाईं लाठियां? जानिए वायरल वीडियो का सच
दिल्ली पुलिस ने एक और अहम निर्देश जारी करते हुए कहा है कि अगले आदेश तक कोई भी पुलिसकर्मी, चाहे वह किसी भी रैंक का हो, पुलिस आयुक्त की पूर्व अनुमति के बिना किसी प्रशिक्षण, कोर्स या अन्य कार्यक्रम में हिस्सा नहीं ले सकेगा. यह आदेश पुलिस आयुक्त की मंजूरी के बाद जारी किया गया है.
आपको बता दें कि राजधानी में CJP के नेतृत्व में चल रहे प्रदर्शन और हाल के घटनाक्रमों के बीच कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पहले से ही अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है.