scorecardresearch
 

IRS की बेटी के मर्डर का आरोपी गिरफ्तार, वारदात के बाद का CCTV फुटेज भी आया सामने

दिल्ली के अमर कॉलोनी में आईआरएस अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की हत्या के आरोपी राहुल मीणा को पुलिस ने द्वारका के एक होटल से गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे लगातार पूछताछ कर रही है और वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है. वहीं, पुलिस ने रेप, मर्डर और रॉबरी का केस दर्ज किया है.

Advertisement
X
द्वारका के होटल से गिरफ्तारी.(Photo: Screengrab)
द्वारका के होटल से गिरफ्तारी.(Photo: Screengrab)

दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके में आईआरएस अधिकारी की बेटी की हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. इस हत्याकांड के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और वारदात के बाद का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. फुटेज में संदिग्ध आरोपी बैग लेकर भागता हुआ दिखाई दे रहा है. वह पीली टी-शर्ट पहने हुए है और उसके कंधे पर बैग टंगा हुआ नजर आता है. सूत्रों के मुताबिक, जांच में लूटपाट के सबूत भी मिले हैं, जिससे यह मामला और गंभीर हो गया है.

जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान अलवर जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र निवासी राहुल के रूप में हुई है. जांच में यह भी सामने आया कि दिल्ली में हत्या करने से कुछ घंटे पहले उसने अपने गांव में पड़ोस में रहने वाली एक शादीशुदा महिला के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया था. इस खुलासे के बाद पुलिस की कार्रवाई और तेज हो गई और कई टीमों को गिरफ्तारी के लिए लगाया गया.

यह भी पढ़ें: अलवर में शादीशुदा महिला से रेप कर दिल्ली आया, IRS की बेटी को मारने के लिए तोड़े चार ताले... अमर कॉलोनी कांड में नए खुलासे

बताया गया कि बुधवार सुबह दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के अमर कॉलोनी में 22 वर्षीय युवती का शव उसके घर के अंदर मिला था. वह एक वरिष्ठ आयकर अधिकारी की बेटी थी और घटना के समय घर में अकेली थी, क्योंकि उसके माता-पिता जिम गए हुए थे.

Advertisement

घर में घुसकर की वारदात, विरोध के सबूत मिले

जांच में सामने आया कि आरोपी ने मौके का फायदा उठाकर घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गया. युवती ने आरोपी का विरोध किया था, जिसके स्पष्ट संकेत घटनास्थल से मिले हैं. कमरे में सामान बिखरा हुआ था और शव फर्श पर पड़ा मिला. इससे साफ है कि वारदात के दौरान संघर्ष हुआ था.

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने युवती को काबू करने के लिए उसके सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला किया. इसके बाद मोबाइल चार्जिंग केबल या किसी तार से गला घोंटकर हत्या की गई. शुरुआती जांच में यौन उत्पीड़न की आशंका भी जताई गई है, हालांकि इसकी पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही होगी.

इस मामले में राहुल मीणा पर दिल्ली में हत्या और अलवर में रेप का आरोप है. पुलिस को उस पर शक इसलिए हुआ क्योंकि वह पहले इसी घर में नौकर के रूप में काम कर चुका था और उसे करीब डेढ़ महीने पहले नौकरी से निकाल दिया गया था.

पुरानी नौकरी और सीसीटीवी से मजबूत हुआ शक

बताया गया कि आरोपी ने करीब सात से आठ महीने तक इस घर में काम किया था और उसे परिवार की दिनचर्या की पूरी जानकारी थी. सीसीटीवी फुटेज में आरोपी को सुबह करीब 6 बजे बिल्डिंग के आसपास देखा गया. इससे यह आशंका मजबूत हुई कि वह पहले से ही आसपास मौजूद था और माता-पिता के घर से निकलने का इंतजार कर रहा था.

Advertisement

देखें वीडियो...

अलवर में सामने आई दुष्कर्म की घटना और आरोपी की पहचान होने के बाद पुलिस ने संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी. जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन और गतिविधियों को ट्रैक किया गया, जिसके बाद गिरफ्तारी की कार्रवाई तेज की गई.

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी ऑनलाइन गेम खेलने का आदी था और उस पर कर्ज भी था. जांच में यह भी सामने आया कि उसने हत्या के बाद घर में लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया था.

द्वारका के होटल से गिरफ्तारी, जांच जारी

आखिरकार पुलिस ने आरोपी को द्वारका इलाके से गिरफ्तार कर लिया. वह एक होटल में ठहरा हुआ था. गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे लगातार पूछताछ कर रही है और वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है. वहीं, अमर कॉलोनी केस में पुलिस ने रेप, मर्डर और रॉबरी का केस दर्ज किया है.

यह मामला दिल्ली से लेकर राजस्थान के अलवर जिले के राजगढ़ क्षेत्र तक फैल गया है, जिससे जांच कई राज्यों तक पहुंच गई है. पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ सभी सबूत जुटाए जा रहे हैं और केस को मजबूत बनाने के लिए आगे की कार्रवाई जारी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement