scorecardresearch
 

Chhattisgarh: पत्नी से विवाद के बीच खूनी खेल, रायपुर में जीजा बना कातिल, दो सालियों को गोलियों से भूना

रायपुर के पंडरी इलाके में पारिवारिक विवाद के चलते एक शख्स ने अपनी दो सालियों को लाइसेंसी पिस्टल से गोली मार दी. गंभीर हालत में अस्पताल ले जाई गई दोनों बहनों की इलाज के दौरान मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी जितेंद्र वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी ने पूछताछ में वारदात कबूल कर ली है.

Advertisement
X
हत्या के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया. (Photo: Screengrab)
हत्या के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया. (Photo: Screengrab)

रायपुर के पंडरी मोवा इलाके में पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया. यहां एक शख्स ने अपनी दो सालियों पर लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग कर दी. गोली लगने से दोनों बहनें गंभीर रूप से घायल हो गईं. उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी जीजा को गिरफ्तार कर लिया है. मामला थाना पंडरी क्षेत्र का है. पुलिस के मुताबिक प्रार्थिया सावित्री वर्मा ने शिकायत दर्ज कराई कि उनकी बेटी ज्योति वर्मा उर्फ खिलेश्वरी की शादी साल 2020 में मोवा निवासी जितेंद्र कुमार वर्मा से हुई थी. 

शादी के बाद दोनों के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था. इसी कारण ज्योति पिछले 20 से 25 दिनों से अपनी मां के घर पंडरी में रह रही थी. दोनों की डेढ़ साल की एक बेटी भी है. घटना 5 मई 2026 की रात करीब 10.30 बजे की है. आरोप है कि जितेंद्र वर्मा अपनी पत्नी और बच्ची से मिलने ससुराल पहुंचा था. वह बच्ची से वीडियो कॉल पर बात कराने की मांग कर रहा था. यह बात उसने अपनी साली गीतांजली वर्मा उर्फ जया से भी कही. 

पत्नी से विवाद के बीच खूनी खेल

परिवार के लोगों ने उसे सुबह आने की बात कही और बताया कि ज्योति का मोबाइल बंद है. इसी बात पर आरोपी गुस्से में आ गया. शिकायत के मुताबिक उसने अपनी पैंट की जेब से बंदूक और गोलियां निकालीं. फिर जमीन पर गोलियां बिखेर दीं. इसके बाद आरोपी ने गीतांजली को जान से मारने की धमकी दी और उस पर दो गोलियां चला दीं. गोली लगते ही गीतांजली जमीन पर गिर गई और उसके शरीर से खून बहने लगा.

Advertisement

शोर सुनकर घर की छत पर मौजूद छोटी बेटी दुर्गेश्वरी नीचे आई. आरोप है कि दरवाजे के पास पहुंचते ही जितेंद्र ने उस पर भी बंदूक तानकर गोली चला दी. गोली लगने से वह भी वहीं गिर गई. दोनों बहनों की हालत गंभीर हो गई. घटना के बाद सावित्री वर्मा ने जोर-जोर से मदद के लिए आवाज लगाई. आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे तो आरोपी वहां से फरार हो गया. दोनों घायल बहनों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस उपायुक्त मयंक गुर्जर, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम, सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा और थाना पंडरी व खम्हारडीह की पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिवार के लोगों से पूछताछ की. प्रार्थिया की शिकायत पर आरोपी जितेंद्र वर्मा के खिलाफ थाना पंडरी में हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया. बाद में दोनों बहनों की मौत के बाद प्रकरण में हत्या की धारा भी जोड़ी गई.

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की और तुरंत एक्शन लेते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान आरोपी ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. इस दोहरे हत्याकांड के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement