scorecardresearch
 

किसानों के चेहरे खिले, शहरी परेशान... राजनांदगांव में जिला अस्पताल के एक्सरे वार्ड में भर गया बारिश का पानी

पिछले महीने ना के बराबर हुई बारिश के बाद किसानों को फसल की चिंता सताने लगी थी. सूखा पड़ने की आशंका जताई जाने लगी थी, लेकिन यह महीना किसानों के लिए राहत लेकर आया है.

Advertisement
X
बस्तर में धान की रोपनी करतीं महिलाएं (Photo: PTI)
बस्तर में धान की रोपनी करतीं महिलाएं (Photo: PTI)

छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में भारी बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. जिले में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही झमाझम बारिश से जहां किसानों के चेहरे खिल गए हैं, वहीं कामकाजी लोगों को भारी परेशानियों से दो-चार होना पड़ रहा है. राजनांदगांव जिले में पिछले महीने महज पांच मिमी बारिश हुई थी, जिसकी वजह से सूखा पड़ने की आशंका जताई जाने लगी थी.

किसानों को फसल की चिंता सताने लगी थी, लेकिन हिंदी कैलेंडर का आषाढ़ माह राहत लेकर आया. इस महीने के शुरुआती दिनों में हुई झमाझम बारिश ने किसानो को राहत दी है. खेतो मे जल भराव की स्थिति देखने को मिल रही है और शिवनाथ नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है. शिवनाथ नदी में पानी अब स्टॉप वॉल के ऊपर से बहने लगा है.

वहीं, भारी बारिश की वजह से शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है. सबसे ज्यादा परेशानी बसंतपुर स्थित जिला अस्पताल में देखने को मिल रही है, जहां जल जमाव के कारण मरीजों और उनके परिजनों के साथ ही स्वास्थ्यकर्मियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. अस्पताल के प्रवेश मार्ग और परिसर में पानी घुटनो से ऊपर तक भर गया है.

Advertisement

यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में भारी बारिश से नदियां उफान पर, मलबा आने से 32 सड़कें बंद

जिला अस्पताल के एक्सरे और सिटी स्कैन वार्ड में भी पानी भर गया है. तहसील परिसर भी टापू बन गया है. राजनांदगांव बस स्टैंड से लेकर ठाकूर प्यारेलाल स्कूल तक, हर जगह पानी ही पानी नजर आ रहा है. लखोली नगर, इंदिरानगर, शांति नगर, शंकरपुर जैसे राजनांदगांव शहर के निचले इलाकों में भी जलभराव के कारण लोग परेशान हैं.

यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र: जलगांव में बारिश से डैम ओवरफ्लो! हतनूर के 16 गेट खुले, तापी नदी किनारे अलर्ट जारी

जलजमाव की वजह से लोगों को हो रही परेशानी पर अब प्रशासन भी एक्टिव मोड में आ गया है. नगर आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने कहा है कि नगर निगम की टीम जल निकासी के काम में जुटी हुई है. वहीं, मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रहने के अनुमान जताए हैं.

(परमानंद रजक की रिपोर्ट)

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement