छत्तीसगढ़ के दुर्ग के वैशाली नगर थाना क्षेत्र में पति-पत्नी की संदिग्ध मौत का मामला अब हत्या के बाद आत्महत्या में बदल गया है. शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई है कि पति ने पहले अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या की और इसके बाद खुद दूसरे कमरे में जाकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. पुलिस ने अब मृत पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
दरअसल, यह सनसनीखेज मामला वृंदा नगर कैंप-1 का है. मृतकों की पहचान 55 वर्षीय ऑटो चालक जी. वेंकटरमण मूर्ति और उनकी 52 वर्षीय पत्नी जी. विद्यावती के रूप में हुई है. दोनों घर में अकेले रहते थे, जबकि उनका इकलौता बेटा ओडिशा में नौकरी करता है.
यह भी पढ़ें: छत्तीसगढ़: दुर्ग में भीषण हादसा, घर में आग लगने के बाद सिलेंडर फटा, एक परिवार के 4 लोगों की मौत
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब सुबह करीब 9 बजे वेंकटरमण की मां उनसे मिलने उनके घर पहुंचीं. उन्होंने सामने वाले कमरे में बहू विद्यावती का शव पड़ा देखा. इसके बाद जब वह अंदर के कमरे में पहुंचीं तो बेटे वेंकटरमण का शव नायलॉन की रस्सी के फंदे से लटका मिला. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ बड़ा खुलासा
बेटे के ओडिशा से भिलाई पहुंचने के बाद पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया. फॉरेंसिक विशेषज्ञों और डॉक्टरों की शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साफ हुआ कि विद्यावती के गले पर मिले लिगेचर मार्क गला दबाने के कारण बने थे. इससे साफ हो गया कि उनकी मौत फांसी से नहीं बल्कि गला दबाकर हत्या किए जाने से हुई.
जांच में सामने आया कि पति वेंकटरमण ने पहले पत्नी की हत्या की और इसके बाद अंदर वाले कमरे में जाकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है. हालांकि घटनास्थल से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है, जिसकी जांच की जा रही है.
पुलिस अब मोबाइल के जरिए यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना से पहले दोनों के बीच क्या बातचीत हुई थी और हत्या के पीछे कोई अन्य वजह तो नहीं थी. साथ ही अन्य साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है.
पति-पत्नी के बीच होता था विवाद
वैशाली नगर सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था. जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि वेंकटरमण ने पहले पत्नी विद्यावती की गला दबाकर हत्या की और बाद में आत्मग्लानि में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.
पुलिस ने बताया कि पत्नी की हत्या के मामले में मृतक पति जी. वेंकटरमण मूर्ति के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज किया गया है. वहीं, उसकी आत्महत्या के मामले में मर्ग कायम कर अलग से जांच की जाएगी. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है.
फिलहाल, पुलिस मोबाइल फोन की फॉरेंसिक जांच, परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ-साथ दंपती के आपसी संबंधों और विवाद की वजहों की भी जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी.