बिहार के आरा में भोजपुरी सुपर स्टार पवन सिंह अपने तलाक के मामले को आरा के सिविल कोर्ट पहुंचे. जैसे ही ये खबर उनके फैंस को मिली तो हजारों की संख्या में लोग उनकी एक झलक देखने के लिए पहुंच गए. जिससे कोर्ट में अफरा-तफरी का माहौल मच गया और पुलिस को मजबूरन लाठियां भांजनी पड़ी.
बता दें, साल 2018 में पवन सिंह ने यूपी के बलिया की रहने वाली ज्योति सिंह से दूसरी शादी की थी. उनकी पहली पत्नी ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी. ज्योति सिंह भी बीते कई महीनों अपने मायके में रह रही हैं. रिश्तों में आई खटास अब कोर्ट तक पहुंच गई.
पवन सिंह को देखने हजारों की भीड़ कोर्ट पहुंची
बताया जा रहा है कि फैमिली कोर्ट की जज स्वेता सिंह के सामने दोनों पति-पत्नी के बीच आपसी सुलह-समझौता के लिए करीब डेढ़ घंटे तक काउंसलिंग की गई. फिर भी दोनों के बीच बात नहीं बनी.
पवन सिंह अपनी पत्नी ज्योति सिंह से तलाक लेने पर अड़े रहे. माना जा रहा था कि कोर्ट में बुधवार को तलाक की अर्जी मामले पर फैसला हो जाएगा. लेकिन पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह में बात नहीं बनी. जिसकी वजह से कोर्ट ने इस मामले में आगे की तारीख पर सुनवाई करने का फैसला लिया.
काउंसलिंग के बाद भी दो पक्ष तलाक के लिए अड़े रहे
इससे पहले 19 सितंबर की तारीख दी गई थी लेकिन उस दिन कोर्ट नहीं रहने के कारण दोनों अदालत में नहीं पहुंचे थे. जिसके चलते बुधवार को उन्हें पेश होना पड़ा. इस दौरान पवन सिंह को देखने के लिए कोर्ट परिसर में उनके चाहने वालों की भारी भीड़ लग गई. समर्थकों ने पवन भइया जिंदाबाद के नारे भी लगाए.