scorecardresearch
 

बेगूसराय में सरकारी स्कूल बना तबेला, क्लास रूम में बच्चों की जगह गाय और बकरी

बेगूसराय के पोखरिया गांव में स्थित सरकारी स्कूल परिसर में जमींदार ने अपने पशु बांध दिए. इससे स्कूल आ रहे छात्रों को पढ़ाई करने में परेशानी आ रही है. जमींदार का कहना है कि उनके पूर्वजों ने स्कूल को केवल 5 कट्ठा जमीन ही दान में दी थी. स्कूल वाले सिर्फ उतनी ही जमीन का इस्तेमाल करें. बाकी जमीन का नहीं.

Advertisement
X
सांकेतिक तस्वीर.
सांकेतिक तस्वीर.
स्टोरी हाइलाइट्स
  • बेगूसराय में सरकारी स्कूल में बांधे गाय और बकरी
  • जमींदार ने कहा- ये हमारी जमीन है, स्कूल की नहीं

बिहार के बेगूसराय के बलिया प्रखंड क्षेत्र में स्थित एक सरकारी स्कूल परिसर में जमींदार ने अपनी गाय और बकरी बांधकर कब्जा कर लिया. इससे स्कूल में पढ़ने आ रहे छात्रों को काफी परेशानी आ रही है. मामला पोखरिया गांव का है. जमींदार इंदल यादव का कहना है कि उसके पूर्वजों ने स्कूल के लिए 5 कट्ठा जमीन दान में दी थी. लेकिन स्कूल वालों ने 12 कट्ठा जमीन पर स्कूल बना लिया है.

इसलिए स्कूल के आधे हिस्से में पशु बांध दिए गए हैं ताकि उनकी जमीन वापस मिल सके. जमींदार ने कहा कि आधा स्कूल उनकी जमीन पर ही बना दिया गया है. स्कूल वाले सिर्फ दान में दी गई 5 कट्ठा जमीन ही रखे. बाकी जमीन पर स्कूल का अधिकार नहीं है.

वहीं, इस संबंध में हेडमास्टर इन चार्ज प्रेमलता कुमारी ने बताया कि जमीन पर अतिक्रमण कर गाय बांधने की शिकायत ब्लॉक से लेकर जिला स्तर पर की गई है. लेकिन अभी तक सिर्फ आश्वासन ही मिल रहा है. स्कूल में पहली से 8वीं तक के बच्चों को पढ़ाया जाता है. स्कूल में सिर्फ 4 ही कमरे हैं. जबकि 700 से ज्यादा बच्चे यहां पढ़ते हैं.

4 में से एक कमरे में ऑफिस का काम किया जाता है. जबकि सिर्फ तीन ही कमरों में छात्रों को पढ़ाना पड़ता है. यहां तक कि बच्चों को जमीन पर बैठकर पढ़ना पड़ता है. प्रेमलता कुमारी ने कहा कि इतने समय से किसी ने कोई शिकायत नहीं की. लेकिन अचानक से अब इन लोगों ने स्कूल परिसर पर इस तरह से कब्जे के लिए पशु बांधना शुरू कर दिए. इससे बच्चों को पढ़ाने में काफी परेशानी आ रही है.

Advertisement
Advertisement