
मध्य पूर्व में जारी जंग के दौरान ईरान के सस्ते ड्रोन्स को इंटरसेप्ट करना अमेरिका और इजरायल को काफी महंगा पड़ रहा है.
इसी बीच सोशल मीडिया पर ड्रोन की फैक्ट्री जैसी दिखने वाली जगह का एक वीडियो वायरल हो गया है. इसमें कुछ कारीगर, ड्रोन के अलग-अलग हिस्सों को जोड़ते नजर आते हैं. ड्रोन के कुछ हिस्से लाइन से जमीन पर रखे हैं तो कुछ स्टैंड पर रखे हैं.
एक एक्स यूजर ने) इस वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा, 'ईरान एक दिन में जितने ड्रोन्स से इजरायल पर हमला कर रहा है, उससे कहीं ज्यादा का वो दिन भर में बना ले रहा है. इस वीडियो को देखकर समझा जा सकता है कि आखिर किस तरह ईरान की सस्ती और टिकाऊ तकनीक से दुश्मन का अरबों का नुकसान हो रहा है.'
इस पोस्ट का आर्काइव्ड वर्जन यहां देखा जा सकता है.

आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि ये वीडियो ईरान का नहीं बल्कि चीन का है.
कैसे पता लगाई सच्चाई?
वीडियो में कुछ उपकरणों पर चीनी भाषा में कुछ लिखा हुआ दिखता है जिसका अनुवाद है, फायर हाइड्रेंट, इसका मतलब है, आग बुझाने वाला यंत्र.

ये देखकर हमें लगा कि ये वीडियो चीन का हो सकता है. वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने से ये हमें चीनी सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म douyin पर एक हैंडल पर मिला. यहां इसे 5 मार्च को पोस्ट किया गया था.
जहां वायरल वीडियो के बैकग्राउंड में म्यूजिक बज रहा था, वहीं इस वीडियो में चीनी भाषा में एक महिला का वॉइसओवर है. साफ पता लग रहा है कि वॉइसओवर हटाकर जानबूझकर म्यूजिक लगा दिया है ताकि लोग इसकी असलियत न जान पाएं. अकाउंट के बायो सेक्शन में दी गई जानकारी के मुताबिक, ये चीन के Guangdong सूबे में रहने वाले 40 वर्षीय ड्रोन एक्सपर्ट Hui का अकाउंट है.
इस अकाउंट पर ड्रोन से संबंधित और भी कई सारे वीडियो देखे जा सकते हैं.

रूस और चीन कर रहे हैं ईरान की मदद
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची ने कहा है कि चीन और रूस से ईरान को सैन्य मदद मिल रही है. इसी तरह, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने भी दावा किया है कि रूस, ईरान को शाहेद ड्रोन सप्लाई कर रहा है.
साफ है, चीन का एक वीडियो ईरान की ड्रोन फैक्ट्री का बताकर शेयर किया जा रहा है.