आशा भोसले का हुआ निधन (Photo: ITG) Asha Bhosle Passed Away: हिंदी सिनेमा से बेहद दुखद खबर सामने आई है. सुरों की मल्लिका और दिग्गज सिंगर आशा भोसले अब हमारे बीच नहीं रहीं. मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में आशा भोसले ने अंतिम सांस ली. सिंगर के निधन की खबर सामने आते ही इंडस्ट्री में मातम पसर गया है. सेलेब्स और फैंस की आंखें नम हैं और दिल भारी है. आशा भोसले का अंतिम संस्कार कल शाम किया जाएगा.
मुंबई और बेंगलुरु के बीच होने वाले आईपीएल 2026 मैच शुरू होने से पहले स्टेडियम में एक मिनट का मौन रखा गया. ये मौन आशा भोसले की याद में था. दोनों टीमों के खिलाड़ी पूरे स्टेडियम और ब्रॉडकास्टर्स ने लेजेंडरी सिंगर को इस पल याद किया और अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की.
आशा भोसले के छोटे बेटे आनंद भोसले ने मीडिया को बताया कि कल यानी 13 अप्रैल को सुबह 10.30 बजे से 2 बजे तक आम जनता 'कसा ग्रांडे' बिल्डिंग में आकर सिंगर के पार्थिव शरीर के दर्शन कर सकती है. उन्होंने आगे विनती करते हुए कहा कि जब 4 बजे शिवाजी पार्क में उनका अंतिम संस्कार होगा, तो जनता ना आए. क्योंकि उस वक्त ज्यादा भीड़ रहनी की आशंका है.
आशा भोसले का एक वीडियो सामने आया जिसमें वो लेजेंडरी सिंगर मुकेश की परपोती यानी नुरवी नील मुकेश को लोरी गाकर सुना रही थीं. उन्हें तब बुखार था और वो सही महसूस कर पाएं, इसलिए आशा जी ने 'चंदा मामा दूर के' लोरी गाई.
आशा भोसले के जाने के बाद जावेद अख्तर काफी उदास हुए थे. शाम को वो अपनी पत्नी शबाना आजमी के साथ सिंगर के घर पहुंचते दिखाई दिए हैं.


अब बात राजनीतिक जगत की. आशा भोसले ने खुद बताया था कि 2014 में पहली बार प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी ने शपथ समारोह के दूसरे दिन ही उनसे मुलाकात की थी. आशा भोसले की आवाज के गृह मंत्री अमित शाह भी कायल हैं. ये तस्वीर बेहद खास मानी जाती है, खुद अमित ने उनका हाथ अपने सिर पर रखकर आशीर्वाद लिया था.
आशा भोसले के जाने के बाद सोशल मीडिया पूरा उनकी यादों से भर गया है. इस बीच एक वीडियो सामने आया है, जिसमें शाहरुख खान सिंगर के जूठे कप को उठा रहे हैं. ये वीडियो साल 2023 में वर्ल्ड कप फाइनल का है. इस दौरान आशा जी और उनके साथ बैठी उनकी पोती जनाई एक्टर से रिक्वेस्ट करती दिखती हैं कि वो ऐसा ना करें. मगर शाहरुख अपना बड़ा दिल रखते हुए अपनी सीट से उठे और वो कप उठाकर दूसरी तरफ रख दिया.
आशा भोसले के निधन के बाद बॉलीवुड एक्ट्रेसेज विद्या बालन और उर्मिला मांतोडकर सिंगर के मुंबई स्थित घर पर पहुंचती हुईं नजर आई हैं. दोनों के चेहरे पर चिंता और उदासी साफ दिखाई दी.


आशा भोसले अब हमारे बीच नहीं रहीं. लेकिन उनके गाए हुए हजारों गाने हमेशा लोगों के दिलों में धड़कते रहेंगे. उन्होंने अपने गानों को लेकर कई किस्से शेयर किए हैं. जो काफी मशहूर भी हुए. 'आपके कमरे में कोई रहता है' गाना आशा भोसले का चार्टबस्टर साबित हुआ. लेकिन आशा भोसले को लगता था कि स्वर और भाव ठीक से नहीं बैठ रहे. उन्होंने खुद माना था कि वह इस गाने से संतुष्ट नहीं थीं. लेकिन ये काफी सफल हुआ.
अदनान सामी ने आशा भोसले को याद करते हुए उन्हें सुरों वाली मां कहा. कई तस्वीरें शेयर कर उन्होंने श्रद्धांजलि अर्पित की और लिखा- मेरी सुरों वाली मां अब इस दुनिया से चली गई हैं. “इन आंखों की मस्ती” का वो नूर बुझ गया है,
और “कभी तो नजर मिलाओ” अब आत्मा की विदाई पर कही गई आखिरी दुआ सा लगता है. जिस आवाज ने मां की गोद बनकर मुझे संभाला, आज वो खामोश है. लेकिन हर धुन में आज भी उनका हाथ मेरे सिर पर महसूस होता है- और हमेशा होता रहेगा. कभी-कभी दिल “खुदा हाफिज” कहने को भी नहीं करता.
सोनू निगम ने आशा भोसले को याद किया. वो सिंगर के जाने से बहुत दुखी हैं. उन्होंने अपनी कुछ अनदेखी और यादगार तस्वीरें साझा की हैं. इसमें वो सिंगर के पैरों को छूते दिखाई दे रहे हैं. एक फोटो में तो सोनू खुशी-खुशी आशा जी के पैरों को पानी से धो रहे हैं. इसमें आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत भी बैठे नजर आते हैं.
शाहरुख खान ने आशा भोसले के निधन पर गहरा दुख जताया. उन्होंने कहा- आशा ताई के निधन की खबर को सुनकर बेहद दुख हुआ. उनकी आवाज भारतीय सिनेमा के मजबूत स्तंभों में से एक रही है और आने वाली सदियों तक दुनिया भर में गूंजती रहेगी. वो ऐसी प्रतिभा थीं, जो समय से कहीं आगे तक जिंदा रहेगी. उन्होंने हमेशा मुझे आशीर्वाद और प्यार दिया, मैं उन्हें बहुत मिस करूंगा. आशा ताई, आपकी आत्मा को शांति मिले… आपसे बहुत प्यार है.
लेजेंड्री सिंगर आशा भोसले के पार्थिव शरीर को ब्रीच कैंडी अस्पताल से उनके घर ले जाया गया. उनके बेटे आनंद की दी जानकारी के मुताबिक आशा का अंतिम संस्कार कल यानी 13 अप्रैल को 4 बजे होगा. इससे पहले सिंगर के पार्थिव शरीर को उनके लोअर परेल स्थित निवास स्थान में रखा जाएगा. जहां उनके सभी करीबी और चाहने वाले उनके अंतिम दर्शन कर सकेंगे.

आशा भोसले जब डांसिंग रियलिटी शो 'डांस इंडिया डांस लिटिल मास्टर' में गेस्ट के तौर पर आई थीं, तब उन्होंने लता मंगेशकर संग अपने रिश्ते पर बात की थी. शो में बहन को याद करके आशा भोसले रो पड़ी थीं. उन्होंने बताया था कि लता मंगेशकर ने निधन से 5-6 महीने पहले उन्हें बुलाकर कहा था कि उन्हें जो चाहिए वो उनसे मांग सकती हैं. आशा भोसले ने बताया था कि उन्होंने अपनी बहन से एक पुरानी साड़ी उनके सिग्नेचर के साथ मांगी थी. आशा ने कहा था कि लता दीदी की साड़ी उनके लिए दुनिया की तमाम दौलत से ज्यादा कीमती है.
संजय दत्त को भी आशा भोसले के निधन से तगड़ा झटका लगा है. संजय दत्त ने आशा भोसले संग अपनी पुरानी तस्वीरें शेयर करके उन्हें श्रद्धांजलि दी है और अपना दुख जाहिर किया है.
आशा भोसले का उनकी पोती जनाई भोसले संग बॉन्ड पूरे परिवार में सबसे गहरा था. 92 साल की दादी के साथ जनाई अक्सर वक्त बिताते नजर आती थीं. दोनों एक दूसरे पर प्यार भी लुटाती थीं. सिंगर के निधन से जनाई को तगड़ा झटका लगा है.
आशा भोसले खाने की काफी शौकीन थीं. उन्होंने दुबई में अपने नाम से एक इंडियन रेस्टोरेंट खोला था, जहां वो अपने मेहमानों को उनका पसंदीदा इंडियन खाना ऑफर करती थीं. सिंगर ने एक बार कर्ली टेल्स के यूट्यूब चैनल पर बताया था कि उनके दुनियाभर में 10 रेस्टोरेंट हैं. आशा भोसले ने कहा था- 'दुबई के अलावा लंदन, मैनचेस्टर में एक-एक रेस्टोरेंट हैं. बर्मिंघम में दो हैं. कुवैत में हमारे पांच रेस्टोरेंट हैं. दोहा, कतर, बाहरेन, अबु धाबी जैसे मिडल ईस्ट देशों में भी रेस्टोरेंट्स हैं.
अपनी एक चर्चा के दौरान आशा भोसले ने एक बहुत ही गहरी बात कही थी. उन्होंने बताया था कि जब उनकी बहन और स्वर कोकिला लता मंगेशकर जीवित थीं, तब उन्होंने कहा था कि 'अब हम दोनों ही आखिरी मुगल बचे हैं.' लेकिन लता दीदी के चले जाने के बाद आशा ताई ने खुद को उस महान संगीत युग का अंतिम मुगल बताया था. 'आखिरी मुगल' शब्द का इस्तेमाल उन्होंने उस दौर और अब उसके खत्म होने के प्रतीक के रूप में किया था, जिसकी वो खुद एक चश्मदीद गवाह और अहम हिस्सा रही थीं.
मनोज मुंतशिर ने आशा भोसले के निधन पर दुख जताते हुए लिखा- 'कुछ लोग यूं बुलंद थे कि दास्तान हो गए…पैदा हुए ज़मीन पर और आसमान हो गए”
आज एक आसमान ने ये ज़मीन छोड़ दी. आप बहुत याद आयेंगी ताई.
खाने की शौकीन थीं आशा भोसले, दुनिया के 10 देशों में खोले रेस्टोरेंट
आशा भोसले के निधन से अक्षय कुमार को भी गहरा सदमा लगा है. उन्होंने पोस्ट शेयर करके अपना दुख बयां किया है. अक्षय ने लिखा- आशा जी के निधन से मुझे जो दुख पहुंचा है. उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता. उनकी सुरीली आवाज हमेशा हमेशा के लिए अमर रहेगी.
आशा भोसले का पोती संग था गहरा बॉन्ड, प्यार के मामले में रहीं बदकिस्मत
आशा भोसले के निधन से सिर्फ सिनेमा जगत के लोग ही दुखी नहीं हैं, बल्कि कई दिग्गज नेता भी दिग्गज सिंगर के जाने से गमगीन हैं. ममता बनर्जी ने X पर पोस्ट लिखकर अपना दुख जाहिर किया है. उन्होंने लिखा- महान संगीत प्रतिभा आशा भोसले के निधन से मैं अत्यंत दुखी हूं. वो एक प्रेरणादायक और मंत्रमुग्ध कर देने वाली गायिका थीं, जिन्होंने पीढ़ियों तक हमारे दिलों पर राज किया.
शरारत, अदाएं और एक्सपेरिमेंट- 70 सालों तक, म्यूजिक के हर नए दौर की नई 'आशा'
आशा भोसले के निधन से हर किसी को तगड़ा झटका लगा है. बॉलीवुड के फेमस सिंगर जुबिन नौटियाल ने भी पोस्ट शेयर करके दुख जताया है.
दिग्गज गायिका आशा भोसले के बेटे आनंद भोसले ने सिंगर के निधन की खबर को कंफर्म किया है. उन्होंने ये भी बताया कि उनका अंतिम संस्कार कल शाम 4 बजे होगा. आनंद भोसले ने कहा- मेरी मां का आज देहांत हो गया. लोग कल सुबह 11 बजे लोअर परेल स्थित कासा ग्रांडे में उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दे सकते हैं. उनका अंतिम संस्कार कल शाम 4 बजे शिवाजी पार्क में किया जाएगा.
आशा भोसले का 92 साल की उम्र में निधन हो गया है. रिपोर्ट्स के अनुसार, दिग्गज सिंगर का कार्डियक अरेस्ट से निधन हो गया है. उनका अंतिम संस्कार सोमवार को किया जाएगा.
समाचार एजेंसी की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया है कि आशा भोसले ICU में हैं. उनकी हालत नाजुक बनी हुई है. हालांकि, परिवार ने सिंगर की सेहत को लेकर अभी कोई नई जानकारी साझा नहीं की है.
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दिग्गज सिंगर आशा भोसले की सेहत को लेकर चिंता जताई है. पीएम मोदी ने X पर पोस्ट कर लिखा- आशा भोसले जी के अस्पताल में भर्ती होने की खबर सुनकर बहुत चिंता हुई. उनके अच्छे स्वास्थ्य और जल्दी स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं.
आशा भोसले की जबसे अस्पताल में भर्ती होने की खबर सामने आई है, तभी से इंडस्ट्री में टेंशन का माहौल है. कई सेलेब्स सिंगर की सलामती की दुआएं कर रहे हैं. जनाई भोसले की पोस्ट पर एक्टर अनुपम खेर, नील नितिन मुकेश, संजय कपूर समेत कई सितारों ने सिंगर के जल्दी ठीक होने की दुआएं की हैं.

जनाई भोसले अपनी दादी आशा भोसले के काफी क्लोज हैं. बीते दिन जब आशा भोसले को अस्पताल में भर्ती किया गया था, तब जनाई ने दादी और दिग्गज सिंगर संग तस्वीर शेयर करके उनका हेल्थ अपडेट दिया था. तस्वीर में दोनों का खूबसूरत बॉन्ड देखा जा सकता है.
सिंगर आशा भोसले का हॉस्पिटल में इस समय ट्रीटमेंट चल रहा. देशभर में उनके करोड़ों फैंस उनकी जल्द रिकवरी की प्रार्थना कर रहे हैं.
सिंगर की हेल्थ को लेकर सामने आईं शुरुआती रिपोर्ट्स में पहले ऐसा दावा किया गया था कि आशा को कार्डियक अरेस्ट की वजह से अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हालांकि, परिवार ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है. आशा की पोती जनाई ने अपने बयान में थकान और चेस्ट इंफेक्शन से संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं की ओर इशारा किया है.
उम्मीद की जा रही है कि ब्रीच कैंडी अस्पताल के डॉक्टर्स आज सिंगर की हेल्थ को लेकर नया बयान जारी कर सकते हैं. हालांकि, अब तक कोई फ्रेश ऑफिशियल स्टेटमेंट सामने नहीं आई है. सभी लोग आशा भोसले की तबीयत के बारे में जानने को बेताब हैं.
आशा भोसले की सेहत को लेकर बीते दिन ब्रीच कैंडी अस्पताल के डॉक्टर ने सिंगर की हेल्थ को लेकर जानकारी दी थी. सबसे पहले उन्होंने ही बताया था कि आशा भोसले को उनके अस्पताल में एडमिट करवाया गया है.
आशा भोसले की पोती जनाई भोसले ने बीती रात सिंगर की हेल्थ को लेकर बड़ी जानकारी फैंस संग साझा की थी. जनाई ने X पर पोस्ट शेयर कर कहा- मेरी दादी, आशा भोसले को थकान और चेस्ट इंफेक्शन के चलते अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. हम सभी से रिक्वेस्ट करते हैं कि हमारी प्राइवसी का ध्यान रखें. उनका इलाज चल रहा है. उम्मीद है कि जल्दी सबकुछ ठीक हो जाएगा. हम आगे आपको पॉजिटिव अपडेट देंगे.