scorecardresearch
 

फैक्ट चेक: अमरनाथ यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं की बस पर ग्रेनेड हमले का नहीं है ये वीडियो, ये रही इसकी सच्चाई

अमरनाथ यात्रा को लेकर सोशल मीडिया पर एक जलती बस का वीडियो तेजी से वायरल हुआ और दावा किया गया कि श्रद्धालुओं से भरी बस पर ग्रेनेड हमला हुआ है. हालांकि आजतक फैक्ट चेक में यह दावा पूरी तरह फर्जी निकला.

Advertisement

आजतक फैक्ट चेक

दावा
ये अमरनाथ यात्रा के लिए जा रहे लोगों की बस पर ग्रेनेड से हुए हमले का वीडियो है.
सोशल मीडिया यूजर्स
सच्चाई
ये वीडियो बेंगलुरु का है जहां 4 जुलाई को एक बस में आग लग गई थी. इसका अमरनाथ यात्रा से कोई लेना-देना नहीं है.

बीते तीन दिनों में 56000 से भी ज्यादा तीर्थयात्री अमरनाथ पहुंचे. इसी संदर्भ में धू-धूकर जलती हुई एक बस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. कई लोगों का कहना है कि जिस इस बस में अमरनाथ जा रहे तीर्थयात्री सवार थे और इसका ये हाल एक ग्रेनेड हमले की वजह से हुआ.  

अमरनाथ यात्रा की शुरुआत 3 जुलाई, 2026 को हुई थी. 57 दिनों तक चलने वाली ये यात्रा 28 अगस्त, 2026 को रक्षाबंधन के दिन समाप्त होगी. 

बस के जलने का वीडियो शेयर करते हुए, एक एक्स यूजर ने लिखा, “बीजेपी फिर सुरक्षा देने में नाकाम रही. श्रीनगर में अमरनाथ के यात्रियों को ले जा रही बस पर हैंड ग्रेनेड से हमला किया गया. एक लाख से ज्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात होने के बावजूद, मोदी सरकार और अमित शाह  अपनी नाकामी छुपाने की कोशिश कर रहे हैं ताकि यह न लगे कि वे फेल हो गए हैं.”

Fact Check 2nd

आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि ये बेंगलुरु का वीडियो है जहां एक सरकारी बस में आग लग गई थी. इसका अमरनाथ यात्रा से कोई लेना-देना नहीं है. 

कैसे पता की सच्चाई?

वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने पर हमें ये 'टाइम्स नाउ' के यूट्यूब चैनल पर मिला. यहां इसे 4 जुलाई को शेयर किया गया था. यहां बताया गया है कि ये बस केरल की है और इसमें आग लगने की घटना बेंगलुरु में हुई थी.  

Advertisement

केरल के स्थानीय न्यूज आउटलेट मातृभूमि न्यूज ने 3 जुलाई को और इंडिया टीवी ने 4 जुलाई को इस घटना का वीडियो अपने यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया था. दोनों न्यूज आउटलेट्स के मुताबिक, ये बस केरल राज्य परिवहन की है.  

इंडिया टीवी की 4 जुलाई की रिपोर्ट के मुताबिक, 3 जुलाई की शाम बेंगलुरु में ज्ञान भारती मेट्रो स्टेशन के नीचे केरल राज्य परिवहन की बस में आग लग गई थी. इंजन में आग लगने के बाद बस धू-धू कर जलने लगी. जब ये घटना हुई, उस वक्त बस में ड्राइवर और कंडक्टर के साथ सिर्फ 2 यात्री ही थे. वे चारों समय रहते बस से बाहर आ गए और सुरक्षित बच गए. 

केरल के एक अन्य न्यूज आउटलेट रिपोर्टर टीवी के मुताबिक, इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ था. धुआं उठते ही बस में सवार यात्री और स्टाफ बाहर निकल आए थे.

हमें अमरनाथ यात्रा पर जा रहे लोगों से भरी किसी बस पर ग्रेनेड से हमले की कोई हाल-फिलहाल की रिपोर्ट नहीं मिली. 

साफ है कि ये वीडियो अमरनाथ यात्रा का नहीं, बेंगलुरु का है. 

---- समाप्त ----
Live TV

क्या आपको लगता है कोई मैसैज झूठा ?
सच जानने के लिए उसे हमारे नंबर 73 7000 7000 पर भेजें.
आप हमें factcheck@intoday.com पर ईमेल भी कर सकते हैं
Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement