scorecardresearch
 

फैक्ट चेक: बांग्लादेश का वीडियो ममता बनर्जी के समर्थक की पिटाई का बताकर हो रहा है शेयर

बंगाल चुनाव के नतीजे आने के बाद दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. वायरल हो रहे वीडियो के साथ दावा किया ज रहा है कि चुनाव के नतीजों में टीएमसी के हारने पर जनता ने एक युवक को सरेआम पीट-पीट कर उसके कपड़े तक फाड़ दिए. सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो आजतक की टीम ने फैक्ट चेक किया है.

Advertisement

आजतक फैक्ट चेक

दावा
जिस लड़के ने ममता बनर्जी के चुनाव हारने पर कोलकाता में बिना कपड़ों के घूमने की बात कही थी, नतीजों के बाद जनता ने सरेआम उसके कपड़े फाड़ दिए.
सोशल मीडिया यूजर्स
सच्चाई
ये बांग्लादेश की राजधानी ढाका का वीडियो है जहां दो छात्र दलों के बीच टकराव हो गया था.

बंगाल चुनाव में बीजेपी को मिली जीत के बाद से ही सोशल मीडिया पर दो वीडियो का एक कोलाज वायरल हो गया है. इसके पहले वीडियो में एक युवक मीडिया से बात कर रहा है. वहीं, दूसरे वीडियो में एक युवक की इस कदर पिटाई हो रही है कि उसके कपड़े तक फट गए हैं. ऐसा कहा जा रहा है कि दोनों लड़के एक ही हैं और इस लड़के ने चुनाव से पहले कहा था कि अगर ममता बनर्जी चुनाव हार गईं तो वो कोलकाता में बिना कपड़ों के घूमेगा. अब इस वीडियो को शेयर करते हुए कुछ लोगों का कहना है कि, नतीजों में वाकई टीएमसी के हारने पर जनता ने उसे सरेआम पीट-पीट कर उसके कपड़े तक फाड़ दिए.

एक एक्स यूजर ने '#बंगाल_का_रिजल्ट' हैशटैग के साथ इस वीडियो को शेयर किया.  

पोस्ट का आर्काइव्ड वर्जन यहां देखा जा सकता है.

आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि ये बांग्लादेश की राजधानी ढाका का अप्रैल का वीडियो है जब दो छात्र समूहों के बीच टकराव हो गया था.

कैसे पता लगाई सच्चाई? 

वायरल कोलाज के जिस वीडियो में लड़का इंटरव्यू दे रहा है, उसमें 'टीएनएक्स न्यूज' नाम के एक न्यूज आउटलेट का लोगो है. इस जानकारी की मदद से सर्च करने पर हमें ये वीडियो टीएनएक्स न्यूज के यूट्यूब चैनल पर मिला. यहां इसे 24 अप्रैल, 2026 को पोस्ट किया गया था. वीडियो में दिख रहा लड़का वाकई चुनौती देते हुए ऐसा कहता है कि उसका नाम सूफियान है और अगर बीजेपी ने टीएमसी को हरा दिया तो वो नंगा होकर कोलकाता में घूमेगा.

Advertisement

इसके बाद हमने दूसरे वीडियो के बारे में खोजना शुरू किया. हमने देखा कि वायरल पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए एक व्यक्ति ने लिखा है कि ये ढाका का वीडियो है. साथ ही, इस यूजर ने इस्माइल सरकार नाम के एक बांग्लादेशी पत्रकार की इंस्टाग्राम पोस्ट भी शेयर की है, जिसमें वायरल वीडियो का लंबा वर्जन है. इस्माइल ने 23 अप्रैल, 2026 को ये वीडियो शेयर करते हुए इसे ढाका के शाहबाग इलाके का बताया था. जहां वायरल वीडियो में 'रक्तचरित्र' गाना बज रहा है, वहीं इस वीडियो में बंगाली भाषा में कमेंट्री है.

हमें गूगल मैप्स पर शाहबाग की वो जगह भी मिल गई जहां वायरल वीडियो शूट किया गया था.

बांग्लादेशी न्यूज आउटलेट Ajker Patrika ने भी 23 अप्रैल को अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर ये वीडियो शेयर किया था. यहां दी गई जानकारी के मुताबिक, ये वीडियो, छात्र दल और छात्र शिविर नाम के दो ग्रुप्स के बीच शाहबाग में हुए टकराव का है.

ekhon.tv के अनुसार, ये विवाद तब शुरू हुआ जब छात्र दल के कुछ कार्यकर्ता, बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान की बेटी जाइमा रहमान के बारे में किए गए कुछ आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट्स की शिकायत करने पुलिस के पास पहुंच गए. छात्र दल का आरोप था कि छात्र शिविर ने नेता अबदुल्ला अल महमूद ने एआई से बनी विवादित तस्वीरें शेयर कीं. वहीं, छात्र शिविर का कहना था कि उन्हें बदनाम करने के लिए फर्जी स्क्रीनशॉट शेयर किए जा रहे हैं.

Advertisement

छात्र दल के पुलिस के पास पहुंचने की जानकारी मिलने पर छात्र शिविर के कार्यकर्ता, कुछ पत्रकार, और ढाका यूनिवर्सिटी सेंट्रल स्टूडेंट्स यूनियन (DUCSU) के प्रतिनिधि भी शाहबाग पुलिस स्टेशन पुलिस स्टेशन पहुंच गए. पुलिस स्टेशन में दोनों गुटों के बीच झड़प हो गई.

इस दौरान DUCSU के लिटररी एंड कल्चरल अफेयर्स सेक्रेट्री मुसद्दिक पर हमला हो गया.  DUCSU के एक अन्य नेता एबी जुबैर पर भी हमला हुआ और दोनों ने पुलिस स्टेशन में छुपकर जान बचाई.

साफ है, बांग्लादेश के एक वीडियो को बंगाल चुनाव के नतीजों के संदर्भ में शेयर किया जा रहा है जिससे लोगों में भ्रम फैल रहा है.

---- समाप्त ----
Live TV

क्या आपको लगता है कोई मैसैज झूठा ?
सच जानने के लिए उसे हमारे नंबर 73 7000 7000 पर भेजें.
आप हमें factcheck@intoday.com पर ईमेल भी कर सकते हैं
Advertisement
Advertisement