"अरुणाचल वालों तुम पागल-वागल हो गए हो क्या?"
"नाले से ऑक्सीजन लेने वाले लोग भला पहाड़ों के बारे में क्या जानें!"
"जैसे आप लोग लकड़ी-वकड़ी का घर बना देता है ना, बांध वैसे नहीं बनता"
"इंडिया गेट की टट्टी साफ कर ले ओर गंगा का कचरा!"
आप सोच रहे होंगे कि आखिर ये चल क्या रहा है? दरअसल ये अरुणाचल प्रदेश और हिन्दी बेल्ट के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंर्स के बीच इंस्टाग्राम पर चल रही बहस के कुछ सैम्पल हैं. बहस का विषय ये है अरुणाचल प्रदेश की सियांग नदी पर डैम बनाना चाहिए या नहीं.
दोनों तरफ के लोग बेधड़क गाली-गलौज कर रहे हैं, एक दूसरे की भाषा और कल्चर का मजाक उड़ा रहे हैं और नस्लीय टिप्पणी कर रहे हैं. लाखों व्यूज और लाइक्स के साथ ये लड़ाई सोशल मीडिया पर इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है. ये शायद पहला मौका होगा जब अरुणाचल प्रदेश के इन्फ्लुएंर्स अपनी लड़ाई को इस तरह से सोशल मीडिया पर ले आए हैं उन लोगों को करारा जवाब दे रहे हैं जो डैम का विरोध करने वालों को गंवार कहकर उनका माखौल उड़ा रहे हैं.

चीन ब्रह्मपुत्र नदी के ऊपरी हिस्से में करीब 60,000 मेगावाट का बांध बना रहा है जो दुनिया का सबसे बड़ा बांध होगा. अगर चीन इस विशाल बांध का पानी अचानक छोड़ दे तो अरुणाचल समेत भारत के उत्तर-पूर्व में भयंकर बाढ़ आ सकती है. अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने ये भी आशंका जताई है कि इसके बनने से बह्मपुत्र नदी में पानी बहुत कम हो जाएगा.
इन्हीं संभावित खतरों से निपटने के लिए भारत सरकार, अरुणाचल में सियांग नदी पर एक बांध बनाने पर विचार कर रही है. लेकिन अरुणाचल प्रदेश के स्थानीय लोग आशंकित हैं कि इससे उनके पुश्तैनी गांव और खेत डूब जाएंगे. इसी वजह से वहां इस बांध का जोरदार विरोध हो रहा है. इस विरोध में अरुणाचल के इन्फ्लुएंर्स भी शामिल हो गए और सोशल मीडिया पर इसके खिलाफ मुहिम शुरू की.
लेकिन अब डैम को लेकर शुरू हुई बहस ने सोशल मीडिया पर ऐसा रूप ले लिया है, जहां अरुणाचल के लोगों को ट्रोल किया जा रहा है और उनके हिंदी बोलने के तरीके का मजाक उड़ाया जा रहा है. जैसे '@creatingchaaoss' हैंडल वाली एक इन्फ्लुएंसर कहती है कि "अरुणाचल वालों तुम पागल-वागल हो गए हो क्या?" उसने एक वीडियो में ये भी कहा कि "डैम न बने और अरुणाचली लोगों के 27 गांव बाढ़ में तबाह भी हो जाएं तो भारत का फायदा ही होगा. '@creatingchaaoss' ने 'इस दिवाली डैम वहीं बनाएंगे' और 'डैम से प्रॉब्लम अरुणाचल को नहीं, कनवर्टेड्स को हो रही है' जैसी भड़काऊ टैगलाइंस के साथ तस्वीरें और वीडियो भी पोस्ट किए. इसी तरह तमाम इन्फ्लुएंसर अरुणाचल प्रदेश वालों की हिंदी और उनके लकड़ी के पुलों-घरों का मजाक उड़ाने लगे.
अरुणाचली बनाम बाहरी
जब अरुणाचल के इन्फ्लुएंसर्स ने ये सब देखा तो उन्होंने डैम के समर्थकों को मुंहतोड़ जवाब देना शुरू किया. कुछ ने कहा कि जो लोग कभी अरुणाचल प्रदेश आए नहीं, जो यहां की राजधानी का नाम तक नहीं जानते, वो यहां डैम बनाने के फायदे बता रहे हैं. तो किसी ने कहा कि जो गंगा नदी को साफ नहीं कर पाए, वो सियांग नदी के बारे में ज्ञान दे रहे हैं. '@pep_cy_' नाम के एक इन्फ्लुएंसर ने कहा कि नाले से ऑक्सीजन लेने वाले लोग भला पहाड़ों के बारे में क्या जानेंगे. एक अन्य क्रिएटर ने तंज कसते हुए लिखा, इंडिया गेट की टट्टी साफ कर ली? और गंगा का कचरा?"
कई अरुणाचली इन्फ्लुएंसर ने '@creatingchaaoss' के लिए "तेरा बाप पागल होगा" जैसी अभद्र टिप्पणियां कीं और उन्हें धमकी तक दी. '@tadang774' नाम के एक क्रिएटर ने तो अश्लील इशारे करते हुए और उनकी तस्वीर पर थूकते हुए एक वीडियो बना डाला. @creatingchaaoss' का आरोप है कि कुछ लोगों ने पॉर्न एक्टर जॉनी सिन्स के साथ उनकी अभद्र तस्वीरें तक बनाईं.

जुड़े हैं तार
डैम के समर्थन वाले हिंदी के इन्फ्लुएंसर्स के कुछ वायरल पोस्ट में हमें कई समानताएं दिखीं. खास तौर पर, '@charmingchaoss', '@creatingchaaoss', '@pockettdynamo' और '@talecomrade' जैसे अकाउंट्स के पोस्ट में. जब Nyasum Bagra नाम की एक अरुणाचली इन्फ्लुएंसर ने '@creatingchaaoss' को ट्रोल किया, तो ये चारों उस पर नस्लीय और अश्लील टिप्पणियां करते हुए उसका मजाक उड़ाने लगे. ये सभी लोग अपने वीडियो में 'टोपोग्राफी' और 'सीस्मिक डिजाइन' जैसे शब्दों का इस्तेमाल ऐसे करते हैं मानो एक ही स्क्रिप्ट से पढ़ रहे हों.
इन चारों ही अकाउंट्स के बायो सेक्शन में टीम चार्मिंग 'Team Charmingchaoss' लिखा है, यानी इनका आपस में कनेक्शन होने की पूरी संभावना है. इससे पहले फरवरी 2026 में इंडिया टुडे ने एक इन्वेस्टिगेशन में पता लगाया था कि कुछ इन्फ्लुएंसर जो एआई समिट की छवि खराब करने के एवज में कांग्रेस द्वारा पैसों की पेशकश का दावा कर रहे थे, उन्होंने सबूत मांगने पर वीडियो डिलीट कर दिया. अरुणाचल के डैम की तारीफ में वीडियो बनाने वाले दो अकाउंट '@charmingchaoss' और '@talecomrade' का नाम उस वक्त भी सामने आया था.