
शिल्पा शिंदे इन दिनों सोशल मीडिया पर हॉट टॉपिक बन चुकी हैं. जबसे उन्होंने कहा है कि भाबीजी घर पर हैं प्रोड्यूसर पर किया सेक्शुअल हैरेसमेंट केस झूठा था, तबसे उनपर लोग बरस पड़े हैं. एक्ट्रेस के खिलाफ एक्शन की मांग उठ रही है. शिल्पा को लेकर उनकी पुरानी राइवल रहीं हिना खान ने भी बयान दिए.
हिना ने बिना शिल्पा शिंदे का नाम लिए उनके झूठे केस पर कहा था कि जो उन्होंने किया, वो काफी शर्मनाक था. जिसके बाद शिल्पा ने उनसे चुप रहने और अपनी बीमारी पर ध्यान देने के लिए कहा. हिना खान और शिल्पा शिंदे के बीच फिर सोशल मीडिया पर शब्दों की जंग शुरू हुई. लेकिन अब हिना ने शिल्पा के फेवर में एक बयान दिया है.
शिल्पा के लिए हिना ने किया पोस्ट?
दरअसल हिना खान ने अपने फैंस से रिक्वेस्ट की है, कि वो किसी को भी ट्रोल ना करें. इंस्टाग्राम स्टोरी पोस्ट करके उन्होंने बिना शिल्पा शिंदे का नाम लिए फैंस से कहा वो किसी के लिए बुरे शब्दों का इस्तेमाल ना करें. अगर उन्हें किसी से परेशानी है, तो उसमें भी सभ्यता बनाए रखें.
हिना ने लिखा- हम सब गलतियां करते हैं और समय के साथ सब बदलते भी हैं. मैंने यहां-वहां कुछ ट्वीट्स पढ़े. मैंने हमेशा दयालुता को चुना है. नफरत की जगह प्यार और इंसानियत को चुना है. अगर आप मेरे फैन हैं और मेरा भला चाहते हैं, तो मैं आपसे कहती हूं कि उसी मजबूती और साफ-साफ तरीके से काम कीजिए.
'दूसरों के साथ नफरत भरा या कड़वा बर्ताव किए बिना. बिना दिमाग वाले और बिना दिल वाले ट्रोल्स की तरह बने बिना. हमें अपनी बात मनवाने के लिए नीचले स्तर पर नहीं उतरना चाहिए. हम अपनी बात इंसानी तरीके से भी रख सकते हैं, बिना नफरत के. हम अपनी बात हमेशा बहुत शालीनता और अच्छे तरीके से रख सकते हैं, फिर भी वो असरदार रहेगी. करुणा और प्यार ही हमारी ताकत होनी चाहिए.'

हिना ने अंत में भले ही वो उनके फैंस क्यों ना हों, उन्हें ब्लॉक करने की चेतावनी दी है, जो उनकी बात नहीं मानेंगे. वो सिर्फ पॉजिटिव और शांति वाला माहौल चाहती हैं. एक्ट्रेस ने सभी से दया दिखाने की बात कही है.