'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में सालों तक 'तारक मेहता' बनकर दर्शकों का दिल जीतने वाले शैलेश लोढ़ा इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं. वजह है उनकी लाडली बेटी स्वरा लोढ़ा की शाही शादी. राजस्थान के ऐतिहासिक उम्मैद भवन पैलेस में तीन दिन तक चले इस ग्रैंड वेडिंग सेलिब्रेशन की तस्वीरें और वीडियो अब सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं.
जहां एक तरफ शादी की रॉयल झलकियां लोगों का दिल जीत रही हैं, वहीं हर किसी के मन में एक सवाल भी है- आखिर शैलेश लोढ़ा के दामाद कौन हैं और उनकी बेटी क्या करती हैं?
कौन हैं शैलेश लोढ़ा के दामाद?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, शैलेश लोढ़ा के दामाद शाश्वत पेशे से सिंगापुर बेस्ड बैंकर हैं. वो कॉर्पोरेट सेक्टर में काम करते हैं और ग्लैमर की दुनिया से पूरी तरह दूर रहते हैं. यही वजह है कि उनकी ज्यादा जानकारी पब्लिक डोमेन में नहीं है.
शाश्वत और स्वरा दोनों ही अपनी निजी जिंदगी को कैमरों और सोशल मीडिया की चकाचौंध से दूर रखना पसंद करते हैं. शादी से पहले भी दोनों की तस्वीरें बेहद कम सामने आई थीं.
क्या करती हैं शैलेश लोढ़ा की बेटी स्वरा?
जहां शैलेश लोढ़ा टीवी, कविता और मंच की दुनिया का बड़ा नाम हैं, वहीं उनकी बेटी स्वरा लोढ़ा ने बिल्कुल अलग रास्ता चुना है.
स्वरा पेशे से राइटर हैं. उन्होंने अपनी मां डॉ. स्वाति लोढ़ा के साथ मिलकर '54 Reasons Why Parents Suck!' नाम की किताब भी लिखी है. इतना ही नहीं, स्वरा एक अच्छी सिंगर भी हैं. यूट्यूब पर उनका अपने बैंड के साथ गाया एक गाना भी मौजूद है. हालांकि, उन्होंने हमेशा लाइमलाइट से दूरी बनाए रखी है.
उनका इंस्टाग्राम अकाउंट भी प्राइवेट है, जिससे साफ पता चलता है कि वो अपनी निजी जिंदगी को सार्वजनिक नहीं करना चाहतीं.
दो शहरों में हुई शादी
रिपोर्ट्स के अनुसार, स्वरा और शाश्वत की शादी दो जगह हुई है. पहले मुंबई के ताज लैंड्स एंड होटल में परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में बेहद निजी समारोह आयोजित किया गया.
इसके बाद राजस्थान के उम्मैद भवन पैलेस में तीन दिन तक चले रॉयल वेडिंग सेलिब्रेशन में दोनों ने पूरे रीति-रिवाजों के साथ सात फेरे लिए. महल की भव्य सजावट, शाही माहौल और पारंपरिक रस्मों ने इस शादी को किसी बॉलीवुड फिल्म जैसा बना दिया.
अपने खास दिन पर स्वरा ने मशहूर डिजाइनर सब्यसाची का आइवरी और गोल्डन रंग का खूबसूरत ब्राइडल लहंगा पहना. मिनिमल जूलरी, एलिगेंट मेकअप और रॉयल ब्राइडल लुक में वो बेहद खूबसूरत नजर आईं. वहीं दूल्हे शाश्वत ने भी क्लासिक शेरवानी में सबका ध्यान खींचा.
पिता के लिए सबसे खास पल
टीवी पर हमेशा मुस्कुराते और लोगों को हंसाने वाले शैलेश लोढ़ा के लिए ये मौका बेहद भावुक रहा. बेटी को दुल्हन के रूप में विदा करना किसी भी पिता के लिए आसान नहीं होता और शैलेश लोढ़ा भी इस खास पल को पूरी शिद्दत से जीते नजर आए. इस शादी में कई नामचीन हस्तियां शामिल हुईं.
फिलहाल उनकी बेटी की रॉयल वेडिंग की तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं और फैंस न्यूली वेडेड कपल को ढेर सारी शुभकामनाएं दे रहे हैं.