टीवी की मशहूर एक्ट्रेस ईवा ग्रोवर ने अपनी शादीशुदा जिंदगी को लेकर ऐसा खुलासा किया है, जिसने हर किसी को चौंका दिया. 'करिश्मा का करिश्मा', 'कोरा कागज' और 'सपना बाबुल का... बिदाई' जैसे शोज में नजर आ चुकीं ईवा ने दावा किया कि आमिर खान के सौतेले भाई हैदर अली खान के साथ उनकी शादी प्यार से शुरू हुई थी, लेकिन कुछ ही दिनों में वह दर्द, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना में बदल गई.
सिद्धार्थ कन्नन को दिए इंटरव्यू में ईवा ने बताया कि अलग धर्म होने की वजह से दोनों ने घरवालों के खिलाफ जाकर शादी की थी. हैदर ने मुलाकात के सिर्फ 19 दिन बाद उन्हें प्रपोज कर दिया था और दोनों ने जल्द ही शादी कर ली.
'शादी के तीसरे दिन ही हिंसक हो गए'
ईवा का दावा है कि शादी के तीसरे दिन ही उन्हें पहली बार हैदर का हिंसक रूप देखने को मिला. उन्होंने कहा- मुझे बाद में पता चला कि उन्हें स्किजोफ्रेनिया था, लेकिन शादी के समय मुझे इसकी कोई जानकारी नहीं थी. शादी के तीसरे दिन ही उन्होंने मुझे पीटना शुरू कर दिया. उस वक्त मुझे समझ ही नहीं आया कि आखिर ऐसा क्यों हो रहा है.
ईवा के मुताबिक, शराब की लत और एक्टिंग में करियर न बनने की निराशा ने हालात और बिगाड़ दिए. उन्होंने दावा किया कि उनके सास-ससुर ने कई बार हैदर को समझाने की कोशिश की, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ.
एक्ट्रेस ने कहा कि शादी के दौरान उनके शरीर पर अक्सर चोट के निशान रहते थे. उन्होंने बताया- मेरे अंकल, शूटिंग यूनिट के लोग और रिश्तेदारों ने मेरी मां को समझाया कि अगर मैं वहां रही तो शायद बच नहीं पाऊंगी. आखिरकार मेरा तलाक हो गया.
'बेटी के लिए शादी बचाने की कोशिश की, लेकिन...'
ईवा ने बताया कि उन्होंने सोचा था कि बच्चा होने के बाद सब ठीक हो जाएगा, लेकिन हालात और खराब हो गए. उनका दावा है कि बेटी के जन्म के तुरंत बाद तलाक की प्रक्रिया शुरू हो गई और उन्हें मायके भेज दिया गया.
ईवा ने अपनी बेटी से अलग होने का दर्द भी बयां किया. उन्होंने बताया कि ससुराल छोड़ने के बाद उनकी बेटी करीब तीन साल की उम्र तक उनके साथ रही. ईवा के मुताबिक, उन्होंने बेटी को हर वीकेंड उसके पिता से मिलने की इजाजत दी थी, लेकिन बाद में उनके दखल और कथित आक्रामक व्यवहार की वजह से हालात बिगड़ते चले गए.
बेटी के लिए तड़पीं
ईवा ने दावा किया- मैं इतने साल तक चुप रही कि उस पूरे बवाल के बीच मेरी बेटी की स्थायी कस्टडी उस परिवार को दे दी गई, जब वह सिर्फ तीन साल की थी. इसके बाद मेरे पास कोई सहारा नहीं था, इसलिए मैं अपनी बेटी से पूरे 10 साल तक नहीं मिल पाई.
उन्होंने बताया कि भले ही वह अपनी बेटी से नहीं मिल सकीं, लेकिन उसकी पढ़ाई का खर्च लगातार उठाती रहीं. ईवा ने कहा- मैंने पांच साल तक शारीरिक प्रताड़ना झेली. मेरी बेटी मेरे साथ नहीं थी. मैं उससे 10 साल तक नहीं मिल पाई. लेकिन मैं हर महीने चुपचाप उसकी पढ़ाई के लिए पैसे भेजती थी. अब वह 19 साल की हो गई है और हफ्ते में एक-दो बार मुझसे मिलने आती है. वह अपनी उम्र में मुझसे कहीं ज्यादा समझदार है.
ईवा ने हैदर से मिले दर्द के बाद दोबारा शादी नहीं की. वो 45 साल की हैं और अकेले ही खुशहाल जिंदगी बिता रही हैं.