टीवी का सबसे पसंदीदा कॉमेडी शो 'F.I.R' भले ही सालों पहले बंद हो गया हो, लेकिन इसके किरदारों का जादू आज भी फैंस के सिर चढ़कर बोलता है. चाहे वो इंस्पेक्टर चंद्रमुखी चौटाला का हरियाणवी अंदाज हो या हवलदार गोपीनाथ की 'बात को काटिए नहीं' वाली कॉमेडी.
हाल ही में जब इस शो की लीड एक्ट्रेस कविता कौशिक ने गोपी भल्ला (हवलदार गोपी) के साथ एक रील शेयर की, तो सोशल मीडिया पर फैंस एक्साइटेड हो गए. हर कोई बस यही पूछ रहा है कि क्या शो का नया सीजन आने वाला है? कविता ने इस रील के जरिए शो की वापसी की संभावनाओं पर बड़ी ही बेबाकी और मजाकिया अंदाज में चर्चा की है.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में गोपी भल्ला अपनी को-एक्टर कविता कौशिक से पूछते नजर आ रहे हैं कि वह आजकल क्या कर रही हैं? इस पर कविता बड़े ही कैजुअल अंदाज में जवाब देती हैं, 'मैं आजकल अपना हेयर केयर कर रही हूं.' इसी दौरान गोपी भल्ला चुटकी लेते हुए उनसे पूछते हैं कि अगर आप फ्री हैं, तो क्या हम फिर से 'F.I.R' बना सकते हैं? कविता ने इस सवाल का जवाब तो दिया, लेकिन उसमें शो की पूरी टीम के मौजूदा बिजी शेड्यूल का दर्द भी झलका.
कविता कौशिक का छलका दर्द!
शो की वापसी के सवाल पर कविता कौशिक ने एक-एक कर टीम के बाकी सदस्यों का हाल बताया. उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा, 'F.I.R बना तो सकते हैं, लेकिन यार किकू शारदा (गुलगुले) तो कपिल शर्मा के शो में बिजी हैं. वहीं बजरंग पांडे यानी आमिर अली आजकल ओटीटी की दुनिया में छाए हुए हैं, अब बचा बिल्लू (संदीप आनंद), तो वो अब खुद डायरेक्टर बन गया है.' कविता ने हंसते हुए आगे कहा कि जब टीम के मुख्य सिपाही ही अलग-अलग जगहों पर बिजी हैं, तो अब वो और गोपी भल्ला अकेले क्या भांगड़ा करेंगे?
क्या जल्द शुरू होगा FIR?
भले ही कविता कौशिक ने फिलहाल शो की वापसी को लेकर एक तरह से 'ना' ही कहा है, लेकिन इस वीडियो ने फैंस की पुरानी यादें ताजा कर दी हैं. कविता, गोपी भल्ला और आमिर अली की केमिस्ट्री आज भी लोगों को उतनी ही पसंद आती है जितनी सालों पहले आती थी.
अब सोशल मीडिया पर फैंस लगातार कमेंट्स कर रहे हैं कि वे किसी भी कीमत पर अपनी 'चंद्रमुखी चौटाला' को दोबारा वर्दी में देखना चाहते हैं. अब देखना यह है कि क्या मेकर्स इस डिमांड को देखते हुए टीम को दोबारा एक साथ ला पाते हैं या नहीं?