टीवी एक्ट्रेस कविता कौशिक ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के साथ प्रोटेस्ट कर रहे छात्रों को अपना सपोर्ट दिया है. सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को भूख हड़ताल के 20वें दिन जंतर मंतर से जबरन हटाने के खिलाफ कविता ने रिएक्ट किया है. एक्ट्रेस ने इंस्टा पर एक वीडियो शेयर कर दिल्ली पुलिस से संयम और इंसानियत दिखाने की अपील की है.
कविता कौशिक का फूटा गुस्सा
कविता ने कहा कि जो लोग शांति के साथ अपनी बात रख रहे हैं, वो देश के नागरिक हैं. उनके साथ सम्मान और गरिमा से पेश आना चाहिए. कविता कौशिक ने दिल्ली पुलिस से कहा कि वे अपनी वर्दी से आगे बढ़कर सोचें. एक्ट्रेस ने कहा- दिल्ली पुलिस, आप लोगों से एक निवेदन करना था. आप लोगों की भी तो फैमिली होगी, मां-बाप, बच्चे होंगे, भाई-बहन और रिश्तेदार होंगे. भगवान न करे कि कल किसी को मेडिकल इमरजेंसी हो और उन्हें कोई फर्जी डॉक्टर ना मिले, बल्कि कोई अच्छा, रियल डॉक्टर उनकी जान बचा सके, इसीलिए ये बच्चे प्रदर्शन कर रहे हैं.
''जो भी हो, मेरे देश के बच्चों पर, देश के नागरिकों पर हाथ नहीं उठाना. उन्हें दुख मत पहुंचाना, बस इतना ही कहना था. अपने बल का प्रदर्शन इनके सामने मत करना. आदेश चाहे जो भी हो, आपका भी तो एक मन है, दिमाग है, अपनी एक अंतरात्मा है. उसी अंतरात्मा की सुनिए. मेरे देश के बच्चों पर हाथ मत उठाना. बस यही मेरी आपसे विनती है.''
कविता की इस अपील से लोग सहमत दिखे. छात्रों को सपोर्ट देने के लिए फैंस ने कविता का शुक्रिया अदा किया है. एक शख्स ने लिखा- आप एक पुलिसमैन की बेटी होकर युवाओं के साथ हैं. ये देखकर बहुत अच्छा लगा, थैंक्यू कविता जी,सैल्यूट है आपको. दूसरे ने कहा- अपनी आवाज उठाने के लिए शुक्रिया. किसी ने लिखा- गुड जॉब चंद्रमुखी चौटाला जी. हमें आपके जैसे अफसरों की जरूरत है.
मालूम हो, कविता ने सीरियल FIR में इंस्पेक्टर चंद्रमुखी चौटाला का रोल प्ले किया था. इस रोल से वो रातोरात लाइमलाइट में आईं. कविता के पिता पूर्व CRPF ऑफिसर थे. कैंसर की वजह से उनका निधन हुआ.
वहीं केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर चल रहा कॉकरोच जनता पार्टी का मार्च सोमवार को संसद की तरफ बढ़ेगा. कई सेलेब्स ने इस मार्च को सपोर्ट किया है. प्रकाश राज और शबाना आजमी रविवार को छात्रों से मिले.