यूट्यूबर अनुराग डोबाल मुश्किल वक्त से गुजर रहे हैं. बीते दिनों उन्होंने इंस्टा स्टोरी पर पोस्ट लिखकर बताया था कि वो पिछले 1 साल से मेंटल ट्रॉमा से गुजर रहे हैं. उन्हें हैरेस किया जा रहा है. वो अपना परिवार, पैसा सब खो चुके हैं. खुद के लोगों ने उन्हें इतना परेशान किया कि जीने लायक नहीं छोड़ा. ये टॉर्चर अब उनसे सहन नहीं होता. अब बीते दिन अनुराग ने यूट्यूब पर 2 घंटे लंबा वीडियो पोस्ट कर अपना दर्द बताया.
अनुराग को किया टॉर्चर
वीडियो में वो बुरी तरह रोते हुए नजर आए. निजी जिंदगी में मची हलचल को लेकर वो किस कदर टूट गए हैं, साफ नजर आता है. अनुराग ने कहा कि ये उनका आखिरी वीडियो है, उन्होंने यूट्यूब छोड़ दिया है. उन्होंने ये भी बताया कि वो सुसाइड की कोशिश कर चुके हैं. यूट्यूबर की बातें सुनकर फैंस डर गए हैं. उन्होंने कहा कि वो उन्हें हैरेस करने वालों को एक्सपोज करेंगे. उन्होंने अपने पेरेंट्स और भाई-बहनों पर टॉर्चर करने का आरोप लगाया.
वो कहते हैं- पिछले कुछ महीनों से मेरी जिंदगी में बड़े बदलाव हुए. मैंने कभी नहीं सोचा था कि जिंदगी ऐसे पटक कर छोड़ेगी. अनुराग ने खुलासा किया कि महज 14 साल की उम्र में उन्हें ब्रेन ट्यूबर होने का पता चला था. ये उनकी जिंदगी का मुश्किल दौर था. वो अपनी पढ़ाई को लेकर फैमिली की तरफ से प्रेशर फील करते थे. अपने सपनों को पूरा करने के लिए ट्यूशन पढ़ाने लगे. सोशल मीडिया पर पत्नी रितिका से मिले. जो कि उनकी फैन थीं. फैन बनकर रितिका ने उन्हें 2-3 साल तक लगातार मैसेज किए. एक दिन उन्होंने जवाब दिया. फिर उन्होंने 2 साल तक डेट किया, शादी का फैसला लिया लेकिन परिवार इसके लिए सपोर्टिव नहीं था.
शादी के खिलाफ था परिवार
अनुराग ने बताया कि उनकी शादी से 6 दिन पहले उनके पेरेंट्स ने इसे अटेंड करने से मना कर दिया था. ऐसे में उन्होंने पूरी सेरमनी खुद मैनेज की. वो कहते हैं- मेरे से हाथ जुड़वाए, पैर पड़वाए, सारे रिश्तेदारों के सामने मुझसे सॉरी कहलवाया. मां-पापा ने इस हद तक टॉर्चर किया. कहा कि ना हम खुश रहेंगे, ना तुझे रहने देंगे. ये सब इसलिए क्योंकि मैंने इंटर-कास्ट मैरिज की थी. अनुराग के मुताबिक, उनके पेरेंट्स ने ये रिश्ता नहीं स्वीकारा. उन्हें और रितिका को घर में नहीं आने दिया. अनुराग ने दावा किया कि उन्होंने सुसाइड करने की कोशिश की थी. ये भी बताया कि पत्नी रितिका भी उन्हें छोड़ चुकी है.
देखें अनुराग का वीडियो
वो रोते हुए कहते हैं- मेरी मौत के जिम्मेदार मेरे मम्मी-पापा, कलम भाई और श्रेया होंगे. मेरा किसी से कोई लेना देना नहीं है. मैं काफी डिप्रेशन में हूं. मुझे समझ नहीं आ रहा इस फीलिंग को कैसे मिटाऊं. इस वीडियो के बाद शायद मैं गायब हो जाऊंगा. मैं बस सोना चाहता हूं. 5 दिन से कुछ खाया नहीं है. दिमाग एकदम खत्म हो गया है. वीडियो में अनुराग ने सबूत भी पेश किए. कैसे उनके भाई कलम ने उन्हें सब कुछ ले लिया. उनकी प्रॉपर्टीज, डॉगी सब छीन लिए.
पत्नी के नाम इमोशनल मैसेज
उन्होंने एक मैसेज को भी पिन किया, जिसमें लिखा था- मेरे जाने के बाद, श्रेया, मां, पापा काफी बातें कहेंगे, झूठ बोलेंगे, लेकिन मैं गलत नहीं हूं. रितिका, तुम्हें कई लोगों ने इंफ्लूएंस किया, तुमसे झूठ बोला, लेकिन मैंने हमेशा तुमसे प्यार किया है. मैंने तुम्हारे लिए सब कुछ किया. लेकिन तुमने दूसरों पर भरोसा किया. गलत फैसले लिए और मुझे छोड़ दिया. मुझे अपने बच्चे से प्यार था. वो मेरी आखिरी उम्मीद थी. काश तुम मुझ पर भरोसा करतीं. मेरे साथ खड़ी रहतीं. मेरे जाने के बाद मेरे और मेरे बच्चे के लिए स्टैंड लेना और सच के लिए बोलना. मैं कभी तुम्हें गलत साबित नहीं करना चाहता, लेकिन मेरे जाने के बाद प्लीज खड़े होकर अपने सम्मान के लिए लड़ना.
रितिका और अनुराग की पिछले साल मई में शादी हुई थी. सितंबर में कपल ने अपनी पहली प्रेग्नेंसी अनाउंस की थी.