scorecardresearch
 

पद्मावत: हिमाचल, गोवा में भी मुश्किल, करणी सेना ने दी थियेटर जलाने की धमकी

राजस्थान के बाद हिमाचल और गोवा से भी भंसाली की फिल्म पद्मावत के खिलाफ विरोध के सुर सामने आ रहे हैं. गोवा में पुलिस ने राज्य सरकार से सिफारिश की है कि पद्मावत रिलीज नहीं की जाए.

Advertisement
X
 दीपिका पादुकोण, शाहिद कपूर
दीपिका पादुकोण, शाहिद कपूर

राजस्थान में संजय लीला भंसाली की फिल्म पद्मावत की रिलीज पर वसुंधरा राजे सरकार ने बैन लगा दिया है. भंसाली की यह फिल्म इसी महीने 25 जनवरी को रिलीज हो सकती है. इस बीच तीन और राज्यों में पद्मावत को लेकर बैन जैसे विरोध की बातें सामने आ रही हैं. ताजा अपडेट यह है कि मुंबई पुलिस ने भी पद्मावत की रिलीज के खिलाफ आवाज उठाई है.

हिमाचल सरकार ने भी फिल्म के प्रदर्शन से हाथ खींच लिए हैं. सूत्रों की मानें तो सरकार नहीं चाहती कि राज्य में इस फिल्म का प्रदर्शन हो. गोवा में पुलिस ने राज्य सरकार से सिफारिश की है कि पद्मावत रिलीज नहीं की जाए. इसके पीछे गोवा पुलिस का तर्क है, यह सीजन पर्यटकों का है. ऐसे में फिल्म रिलीज होने पर हिंसा या विवाद भड़क सकते हैं. ये राज्य के पर्यटन उद्योग और कानून व्यवस्था के लिए अच्छा नहीं होगा. वहीं मुंबई पुलिस ने 26 जनवरी के मौके पर सिक्योरिटी कारणों के चलते फिल्म की रिलीज को टालने की बात की है.

Advertisement

विवादों में रही फिल्म पद्मावत पर हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बड़ा बयान दिया है. जयराम ठाकुर ने कहा कि फिल्म काफी विवादित रही है औऱ कई तरह के विवाद हमारे संस्कार और संस्कृति से जुड़े हैं, जो चीज किसी को आहत करती है. सरकार उसको समर्थन ज्यादा नहीं देगी.

जयराम ठाकुर ने कहा कि इसके बावजूद मैं खुद एक कला प्रेमी हूं और कला का मैं सम्मान करता हूं. मैं खुद भी स्टूडेंट लाइफ में आर्ट‍िस्ट के रूप में जुड़ा था. जहां किसी की भावनाएं आहत हों, वो चीजे गलत हैं. इसके लिए विचार किया जाएगा.

इस बीच करणी सेना ने दिल्ली में भी पद्मावती को बैन करने की मांग उठाई है. सेना की ओर से कहा गया है कि वो मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मिलकर फिल्म का प्रदर्शन रोकने की मांग करेंगे.

इससे पहले करणी सेना ने पद्मावत को क्लीनचिट देने के फैसले पर सेंसर बोर्ड का विरोध करने की धमकी दी है. सेना ने कहा है कि 12 जनवरी को मुंबई में सेंसर बोर्ड के ऑफिस के बाहर प्रदर्शन किया जाएगा. करणी सेना के कुछ नेताओं ने पूरे देश में फिल्म की रिलीज पर आपत्ति जताई है. यह भी कहा है कि अगर फिल्म रिलीज हुई तो सिनेमाघरों को जला दिया जाएगा.

Advertisement

करणी सेना के एक नेता ने यहां तक कहा कि अगर नाम बदलने से कोई चीज बदल जाती है तो हम पेट्रोल को गंगाजल समझकर सिनेमाघरों में छिड़कर आग लगा देंगे.

बता दें कि फिल्म के 25 जनवरी को रिलीज होने की चर्चा है लेकिन अभी तक भंसाली या वॉयकॉम 18 की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. कुछ ही दिन पहले सेंसर ने फिल्म की सर्टिफिकेशन प्रक्रिया पूरी होने की जानकारी दी थी. सेंसर ने इसके लिए कमेटी गठित की थी. कमेटी की सिफारिशों के बाद निर्माताओं के साथ एक मीटिंग में फिल्म में 5 जरूरी बदलाव सुझाए गए थे. ये बदलाव उन बिंदुओं पर हैं जिन्हें लेकर पिछले कई महीनों से दीपिका की फिल्म पद्मावत का विरोध किया जा रहा है.

इस बीच मंगलवार को यह खबर भी सामने आई कि फिल्म में सेंसर ने 300 कट्स लगाए हैं. हालांकि कुछ ही देर बाद सेंसर चीफ प्रसून जोशी ने कट संबंधी दावे को सिरे से खारिज किया. कहा फिल्म में कोई कट नहीं कुछ बदलाव सुझाए गए थे. कुछ दिन पहले भी मीडिया को भेजे एक ई-मेल ने प्रसून ने 5 बदलाव की डिटेल का खुलासा किया था.

पैडमैन के साथ भिड़ंत

दीपिका, रणवीर सिंह और शाहिद कपूर स्टारर पद्मावत के जिस तारीख को रिलीज होने की चर्चा है उसी डेट पर अक्षय कुमार की पैडमैन भी रिलीज हो रही है. यह फिल्म सामाजिक मुद्दे पर आधारित है. पहले चर्चा थी कि पद्मावत की वजह से पैडमैन की डेट आगे खिसकेगी लेकिन निर्माता पहले से निर्धारित डेट पर ही फिल्म रिलीज को तैयार हैं. पद्मावत पर ठीक एक दिन बाद बॉक्स ऑफिस पर 'ए वेडनेसडे' फेम नीरज पांडे अय्यारी भी आ रही है. इस फिल्म की रिलीज डेट भी शिफ्ट होने की चर्चा है. लेकिन अभी कोई पुख्ता जानकारी सामने नहीं आई है.

Advertisement

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement