इस साल 15 अगस्त के मौके पर रिलीज हुई अक्षय कुमार की फिल्म 'टॉयलेट: एक प्रेम कथा' ने देशभर में खुले में शौच के खिलाफ मुहिम छेड़ी थी. फिल्म बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त हिट हुई थी. सामाजिक मुद्दे पर बनी फिल्म की अब दुनिया की सबसे अमीर व्यक्तियों में शामिल बिल गेट्स ने तारीफ की है.
अपने ट्विटर अकाउंट पर उन्होंने फिल्म की सराहना करते हुए लिखा, टॉयलेट: एक प्रेम कथा, न्यूली मैरिड कपल पर आधारित एक बॉलीवुड रोमांटिक फिल्म है. जिसने दर्शकों को भारत में स्वच्छता से जुड़ी चुनौतियों को दिखाया.
3/ “Toilet: A Love Story,” a Bollywood romance about a newlywed couple, educated audiences about India’s sanitation challenge.
— Bill Gates (@BillGates)
बिल गेट्स ने 'द एक्सप्रेस ट्रिब्यून' के एक आर्टिकल को शेयर करते हुए ये बातें कहीं. ट्रिब्यून के लेख में अक्षय की फिल्म टॉयलेट के बारे में बताया गया था कि कैसे यह फिल्म भारत के सेनिटेशन की दिक्कतों को हाईलाईट करती है.
बताते चलें कि क्रिटिक्स के साथ दर्शकों ने भी इसे खूब सराहा था. यह इस साल की छठी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनी. महज 18 करोड़ के बजट में तैयार हुई अक्षय की फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर करीब 216.58 करोड़ कमाए.
'टायलेट-एक प्रेम कथा' पीएम मोदी के स्वच्छ भारत अभियान से प्रेरित है. इसमें गांवों में टॉयलेट ना होने पर महिलाओं को होती समस्याओं को दिखाया गया है. फिल्म के कंटेंट की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तारीफ भी की थी.