scorecardresearch
 

The Scam - Leaked Teaser: पेपर लीक, CBI जांच और सुसाइड! तहलका मचाने को तैयार Zee5 की नई सीरीज

NEET-UG पेपर लीक विवाद के बीच Zee5 ने अपनी नई वेब सीरीज 'The Scam: Leaked' का टीजर रिलीज किया है. पेपर लीक, CBI जांच और एक छात्र की मौत दिखाने वाला ये टीजर सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में है.

Advertisement
X
Zee5 की 'The Scam: Leaked' ने बढ़ाई हलचल (Credit: ZEE5)
Zee5 की 'The Scam: Leaked' ने बढ़ाई हलचल (Credit: ZEE5)

देशभर में NEET-UG पेपर लीक को लेकर छात्रों का गुस्सा अभी भी सातवें आसमान पर है. इसी गर्म माहौल के बीच Zee5 ने अपनी नई वेब सीरीज 'The Scam: Leaked' की पहली झलक रिलीज कर दी है. 

ये टीजर ऐसे वक्त आया है जब राजधानी दिल्ली में हजारों छात्र 'चलो संसद' मार्च निकालकर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन कर रहे हैं. ये मार्च Cockroach Janta Party (CJP) की अगुवाई में हुआ, लेकिन मामला तब गरमा गया जब प्रदर्शन हिंसक हो गया और दिल्ली पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल किया.

NEET विवाद से मिलती-जुलती कहानी!

करीब एक मिनट का ये टीजर किसी थ्रिलर फिल्म की तरह शुरू होता है. एक हाई-सिक्योरिटी प्रिंटिंग प्रेस में मेडिकल एंट्रेंस एग्जाम के बेहद गोपनीय प्रश्नपत्र कड़ी निगरानी में छापे जा रहे हैं. इसके बाद उन पेपरों को "Confidential" लिखे लिफाफों में सील कर बड़े-बड़े बॉक्स में पैक किया जाता है और एक वैन में लाद दिया जाता है.

लेकिन कहानी में असली ट्विस्ट तब आता है, जब इसी दौरान एक शख्स चुपके से सवालों की कॉपी दूसरे व्यक्ति को थमा देता है. वो फौरन मोबाइल से उसकी तस्वीरें खींचता है और ऑनलाइन चैट के जरिए आगे भेज देता है. बस, यहीं से पूरे देश में हड़कंप मच जाता है.

Advertisement

इसके बाद टीजर सीधे न्यूज चैनलों के स्टूडियो में पहुंचता है. हर तरफ 'ब्रेकिंग न्यूज' की पट्टियां दौड़ रही हैं- पेपर लीक, CBI जांच, और देशभर में मचा बवाल. माहौल लगातार तनावपूर्ण होता जाता है.

फिर अचानक सब कुछ थम जाता है. कैमरा एक खाली क्लासरूम में पहुंचता है. सन्नाटे के बीच मोबाइल की घंटी बजती है. स्क्रीन पर लिखा आता है- पापा कॉलिंग. कैमरा धीरे-धीरे ऊपर उठता है और सामने लगे शीशे में एक ऐसे छात्र की परछाईं दिखती है, जिसने आत्महत्या कर ली है. ये सीन टीजर को बेहद भावुक और झकझोर देने वाला बना देता है.

टीजर शेयर करते हुए Zee5 ने लिखा- एक पेपर... करोड़ों सपने. एक लीक... और पूरा देश सदमे में. 'Scam: The Leaked' जल्द आ रही है Zee5 पर. हालांकि सीरीज में किसी असली घटना का नाम नहीं लिया गया है, लेकिन इसकी कहानी और टीजर साफ इशारा करते हैं कि ये NEET-UG पेपर लीक विवाद से प्रेरित है, जिसने पूरे देश में छात्रों के गुस्से और विरोध को हवा दी. फिलहाल Zee5 ने शो की स्टारकास्ट या मेकर्स को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है.

प्रदर्शन की पूरी कहानी

CJP की अगुवाई में ये आंदोलन 20 जून से शुरू हुआ था. 28 जून को मशहूर शिक्षा सुधारक सोनम वांगचुक भी इस आंदोलन से जुड़ गए. वांगचुक पिछले 20 दिनों से ज्यादा समय से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं. उनकी मांग है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें और कथित NEET-UG पेपर लीक विवाद के बाद आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को 1 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए.

Advertisement

सोमवार को, संसद के मानसून सत्र के पहले दिन, हजारों छात्र 'चलो संसद' के आह्वान पर संसद की ओर कूच कर गए. लेकिन प्रदर्शन के दौरान हालात बिगड़ गए. प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हुई, जिसके बाद पुलिस पर लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल करने के आरोप लगे.

कुल मिलाकर, एक तरफ सड़कों पर छात्रों का उबाल है, तो दूसरी तरफ उसी मुद्दे से मिलती-जुलती कहानी पर बनी स्कैम: द लीक ने रिलीज से पहले ही जबरदस्त चर्चा छेड़ दी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement