टीवी एक्ट्रेस नीति टेलर ने अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर एक ऐसा चौंकाने वाला खुलासा किया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है. 'कैसी ये यारियां' फेम एक्ट्रेस ने अपने अतीत के एक बेहद दर्दनाक और हिंसक रिश्ते (अब्यूसिव रिलेशनशिप) से बाहर निकलने के अपने एक्सपीरियंस को शेयर किया है. नीति ने बताया कि एक वक्त वह एक ऐसे सनकी इंसान के साथ रिश्ते में थीं, जिसने न सिर्फ उन्हें सिगरेट से जलाया बल्कि उसने थप्पड़ भी मारा.
प्राइम वीडियो के नए रियलिटी शो 'अलायंस' में अपनी आपबीती सुनाते हुए एक्ट्रेस ने कहा कि जब बात मारपीट और शारीरिक शोषण तक पहुंच गई, तो उन्होंने बिना देर किए उस टॉक्सिक रिश्ते को हमेशा के लिए खत्म करने का फैसला कर लिया.
नीति टेलर का बड़ा खुलासा
नीति टेलर ने शो के दौरान मिनी माथुर, रूही दोसानी और देल्बर आर्या के साथ बातचीत में अपनी पास्ट लाइफ पर बात की. उन्होंने अपनी जांघ के अंदरूनी हिस्से पर मौजूद एक पुराने निशान को दिखाते हुए उस खौफनाक रात को याद किया. नीति ने बताया, 'मेरे एक्स-बॉयफ्रेंड ने एक बार मुझे सिगरेट से जला दिया था. वह बेहद हिंसक और साइकोटिक (सनकी) किस्म का इंसान था. एक रात उसका जन्मदिन था और वह पूरी तरह से अपना आपा खो बैठा. उस रात हालात बहुत ज्यादा बिगड़ गए थे. उसने मुझे एक जोरदार थप्पड़ मारा, और बस उसी पल मैंने उससे कहा- 'अलविदा, फिर मिलेंगे' और वहां से निकल गई.'
रेड फ्लैग्स पहचानना था मुश्किल
अपने उस पुराने दौर को याद करते हुए नीति ने माना कि उस वक्त वह काफी छोटी थीं. जिस वजह से तब वो चीजें नहीं समझ पाई. एक्ट्रेस ने कहा, 'खैर, उस समय मैं बहुत कम उम्र की और नासमझ थी. जब आप मैच्योर नहीं होते, तो लोगों के असली चरित्र और उनके बर्ताव को सही ढंग से नहीं समझ पाते. वह वाकई एक सनकी इंसान था, लेकिन जब हद पार हो गई तो मैंने पीछे मुड़कर नहीं देखा.'
इस शो में नीति ने न सिर्फ अपने पास्ट पर बात की, बल्कि अपनी मौजूदा शादीशुदा जिंदगी को लेकर उड़ रही अफवाहों पर भी पहली बार खुलकर अपनी बात रखी. नीति टेलर ने अगस्त 2019 में परीक्षित बावा से सगाई की थी और 13 अगस्त 2020 को दोनों शादी के बंधन में बंधे थे. साल 2024 में इस कपल के अलग होने और रिश्ते में दरार की खबरें तेजी से उड़ी थीं, लेकिन एक्ट्रेस ने तब इस पर कोई पब्लिक स्टेटमेंट नहीं दिया था.
अब अपनी उस खामोशी की वजह बताते हुए नीति ने कहा, 'जब आप किसी बात पर कोई रिएक्शन नहीं देते, तो वही अपने आप में एक जवाब होता है. अगर आपकी जिंदगी में वैसा कुछ हो ही नहीं रहा है, तो फिर आप फालतू में किसी बात की सफाई क्यों देंगे?'
कौन हैं नीति टेलर?
नीति टेलर टीवी इंडस्ट्री का एक जाना-माना चेहरा हैं. उन्होंने साल 2009 में महज 15 साल की उम्र में सीरियल 'प्यार का बंधन' से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी. हालांकि, उन्हें असली पहचान और लोकप्रियता यूथ बेस्ड शो 'कैसी ये यारियां' में 'नंदिनी मूर्ति' का किरदार निभाकर मिली. इसके बाद उन्होंने 'गुलाम', 'इश्कबाज' और 'बड़े अच्छे लगते हैं 2' जैसे कई सुपरहिट सीरियल्स में काम किया. वह मशहूर डांस रियलिटी शो 'झलक दिखला जा 10' में भी बतौर कंटेस्टेंट नजर आ चुकी हैं. अब वो नया रियलिटी कॉम्पिटिशन शो 'अलायंस' में नजर आ रही हैं.