गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा इन दिनों रियलिटी शो 'लॉक अप 2' में हैं और उस जिंदगी को एक्सपीरियंस कर रही हैं, जिस उन्होंने कभी महसूस नहीं किया था. वो अपने ऊपर लगे आरोपों को हटाने उस शो में गई थीं, लेकिन पहले ही हफ्ते में मेंटल ब्रेकडाउन का शिकार हो चुकी हैं.
हाल ही में शो में रोते हुए उन्होंने होस्ट रितेश देशमुख से उन्हें बाहर निकालने की गुहार लगाई और कहा कि गोविंदा ने मना किया था, मैंने उसकी बात नहीं मानी. सुनीता को रोता देख कश्मीरा का दिल भी पसीज गया. इस मुश्किल दौर में अब उनकी बहू मजबूती से उनके साथ खड़ी नजर आईं.
भले ही गोविंदा इस पर चुप्पी साधे हुए हैं लेकिन कश्मीरा शाह ने सुनीता आहूजा के साथ लाफ्टर शेफ के सेट की कुछ भावुक तस्वीरें शेयर करते हुए दिल छू लेने वाला पोस्ट लिखा. उन्होंने साफ कहा कि सुनीता अकेली नहीं हैं और पूरा परिवार उनके साथ है.
कश्मीरा ने लिखा- मजबूत रहो मामी. आप अकेली नहीं हैं. हम सब आपके साथ हैं. किसी को भी आपको कमजोर मत करने देना. चाहे रियल लाइफ हो या रियलिटी शो, हमेशा खुद जैसी रहो और जो भी आपको परेशान कर रहा है, उसे उसी की भाषा में जवाब दो.
'उन्हें दिखा दो कि असली मुश्किल क्या होती है. आपकी 'डेविल्स एंजेल' आपको बचाने के लिए यहां है और मैं वादा करती हूं कि किसी को भी आपको नीचा नहीं दिखाने दूंगी या आपको रुलाने नहीं दूंगी. मुझे पता है कि आप जवाब दे सकती हैं, लेकिन आप सिर्फ इसलिए शांत हैं क्योंकि आप घर वापस जाना चाहती हैं.'
कश्मीरा ने आगे लिखा कि- मेरा कहना है कि डटी रहो, मुकाबला करो और जो भी शो में आपको परेशान कर रहा है, उसकी जिंदगी मुश्किल बना दो. आपको बहुत सारा प्यार, अब और हमेशा.
कश्मीरा का ये पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, फैंस भी सुनीता के समर्थन में कमेंट कर रहे हैं और उनके जल्द मजबूत होकर कमबैक करने की दुआ कर रहे हैं.
सुनीता का भांजे कृष्णा अभिषेक और कश्मीरा से सालों पुराना विवाद हाल ही में खत्म हुआ था. उन्होंने कृष्णा-कश्मीरा को माफ करते हुए गले लगाया था. खुद उन्होंने बताया था कि 14 साल का वनवास खत्म हो गया है, दोनों ने पैरों में गिरकर माफी मांगी है.
सुनीता भले ही लॉक अप शो में अपनी मुश्किलों से जूझ रही हैं लेकिन कृष्णा और कश्मीरा बाहर से ही उन्हें जमकर सपोर्ट कर रहे हैं. तीनों की ये बॉन्डिंग फैंस को खूब पसंद आ रही है.