साउथ सिनेमा की स्टार रुक्मिणी वसंत इन दिनों एक वायरल वीडियो को लेकर सुर्खियों में हैं. सोशल मीडिया पर उनका एक बोल्ड बिकिनी वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वो हरे रंग की बिकिनी पहनकर स्विमिंग पूल में उतरती नजर आ रही हैं. लेकिन अब खुद रुक्मिणी ने सामने आकर साफ कर दिया है कि ये वीडियो पूरी तरह फेक और AI जनरेटेड डीपफेक है.
डीपफेक वीडियो वायरल, लिया एक्शन
एक्ट्रेस ने इस मामले में साइबर क्राइम सेल में शिकायत भी दर्ज कराई है. रुक्मिणी ने कहा कि उन्हें साइबर क्राइम डिपार्टमेंट पर पूरा भरोसा है और वो इस मामले की जांच जरूर करेंगे.
रुक्मिणी ने कहा- हमने शिकायत दर्ज करा दी है. मुझे पूरा विश्वास है कि साइबर क्राइम विभाग इस मामले को देखेगा. ये सिर्फ एक्ट्रेसेज के साथ नहीं होता, कई लड़कियां और महिलाएं ऐसी चीजों का सामना करती हैं. ये गलत है और ऐसा नहीं होना चाहिए.
उन्होंने आगे कहा कि AI के कई अच्छे इस्तेमाल भी हैं, लेकिन इसका गलत तरीके से उपयोग करना बेहद खतरनाक है. रुक्मिणी का कहना है कि लोगों को समझना चाहिए कि ऐसी हरकतें किसी की इज्जत और मानसिक शांति पर असर डाल सकती हैं.
दरअसल, पिछले कुछ दिनों से इंटरनेट पर रुक्मिणी की कई AI जनरेटेड फोटोज और वीडियोज वायरल हो रही थीं. इन क्लिप्स में उन्हें पूल के पास बेहद बोल्ड अंदाज में दिखाया गया, जिसे देखकर फैंस भी हैरान रह गए. कई लोगों को लगा कि रुक्मिणी ने किसी नए प्रोजेक्ट के लिए ग्लैमरस अवतार अपनाया है.
रुक्मिणी को अब तक ज्यादातर सिंपल और गंभीर किरदारों में देखा गया है. ऐसे में उनका ये वायरल लुक सोशल मीडिया पर चर्चा का बड़ा विषय बन गया. हालांकि अब साफ हो चुका है कि वीडियो असली नहीं था.
कुछ समय पहले रुक्मिणी वसंत ने इंडिया टुडे साउथ कॉन्क्लेव 2025 में कहा था कि वो खुद को किसी एक तरह के रोल तक सीमित नहीं रखना चाहतीं. उन्होंने बताया था कि वो ऐसी फिल्मों का हिस्सा बनना चाहती हैं जो सीधे लोगों के दिलों तक पहुंचे.
वर्कफ्रंट की बात करें तो रुक्मिणी जल्द ही टॉक्सिक में सुपरस्टार यश के साथ नजर आएंगी. इसके अलावा वो ड्रैगन में जूनियर एनटीआर के साथ भी स्क्रीन शेयर करती दिखेंगी.