scorecardresearch
 

'Godzilla vs Kong' स्टार केली हॉटल का 18 साल की उम्र में निधन, सड़क हादसे में गई जान, पिता ने किया कंफर्म

'Godzilla vs Kong' और 'Godzilla x Kong: The New Empire' में जिया का किरदार निभाने वाली 18 वर्षीय एक्ट्रेस केली हॉटल का मैरीलैंड में कार हादसे में निधन हो गया. परिवार और स्कूल ने इस दुखद खबर की पुष्टि की.

Advertisement
X
'गॉडजिला' स्टार केली हॉटल का निधन (Photo: Screengrab)
'गॉडजिला' स्टार केली हॉटल का निधन (Photo: Screengrab)

हॉलीवुड की फेमस फिल्म 'गॉडजिला वर्सेस कॉन्ग' और 'गॉडजिला एक्स कॉन्ग: द न्यू एम्पायर' में जिया का किरदार निभाकर दुनियाभर में पहचान बनाने वाली एक्ट्रेस केली हॉटल (Kaylee Hottle) का 18 साल की उम्र में निधन हो गया. उनकी मौत अमेरिका के मैरीलैंड में हुए एक सड़क हादसे में हुई.

केली के पिता जोशुआ हॉटल ने अमेरिकन साइन लैंग्वेज (ASL) में फेसबुक लाइव के जरिए उनकी मौत की जानकारी दी. बाद में उन्होंने TMZ से भी इस दुखद खबर की पुष्टि की.

स्कूल ने भी दी मौत की पुष्टि

केली टेक्सास स्कूल फॉर द डेफ (Texas School for the Deaf) की सीनियर स्टूडेंट थीं. स्कूल ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर उनके निधन पर गहरा दुख जताया.

स्कूल ने लिखा- हमें बेहद दुख के साथ बताना पड़ रहा है कि हमारी सीनियर छात्रा केली हॉटल का मैरीलैंड के फ्रेडरिक में एक कार दुर्घटना में निधन हो गया. इस मुश्किल समय में हमारी संवेदनाएं उनके परिवार, दोस्तों और सभी चाहने वालों के साथ हैं.

साथ ही स्कूल ने लोगों से अपील की कि हादसे को लेकर किसी तरह की अफवाह या अटकलें न लगाएं और परिवार की निजता का सम्मान करें.

Advertisement

'गॉडजिला' फिल्मों से मिली थी पहचान

केली हॉटल ने 2021 की फिल्म 'Godzilla vs. Kong' में जिया का किरदार निभाया था. जिया एक मूक-बधिर अनाथ बच्ची थी, जिसका किंग कॉन्ग से बेहद खास रिश्ता दिखाया गया था. बाद में वह 2024 में आई 'Godzilla x Kong: The New Empire' में भी इसी किरदार में नजर आईं.

इस फिल्म में शानदार अभिनय के लिए उन्हें सैटर्न अवॉर्ड में बेस्ट परफॉर्मेंस बाय अ यंगर एक्टर कैटेगरी में भी नामांकन मिला था.

साइन लैंग्वेज में एक्टिंग करना था सबसे बड़ा चैलेंज

2021 में The Daily Moth को दिए इंटरव्यू में केली ने बताया था कि उनके लिए डायलॉग याद करना मुश्किल नहीं था, लेकिन उन्हें अमेरिकन साइन लैंग्वेज (ASL) के हिसाब से संवादों को ढालना काफी चुनौतीपूर्ण था.

उन्होंने कहा था कि कई बार डायरेक्टर-प्रोड्यूसर चाहते थे कि वह स्क्रिप्ट के शब्दों के मुताबिक साइन करें, लेकिन ASL में एक ही बात को अलग तरीके से व्यक्त किया जाता है. इसी वजह से सेट पर कुछ गलतफहमियां भी हुईं, हालांकि बाद में टीम ने उनकी बात समझ ली थी.

केली हॉटल के अचानक निधन से हॉलीवुड और उनके फैंस को गहरा सदमा लगा है. महज 18 साल की उम्र में उन्होंने अपनी प्रतिभा से दुनिया भर के दर्शकों के दिलों में खास जगह बना ली थी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement