scorecardresearch
 

'बारिश में भीगने, गाने-नाचने वाली समझा गया', जीनत अमान का छलका दर्द, बोलीं- सिर्फ ग्लैमर दिखता था

जीनत अमान ने अपने करियर को लेकर बड़ा खुलासा किया है. उन्होंने बताया कि उन्हें सालों तक 'सेक्स सिंबल' का टैग झेलना पड़ा और कई फिल्ममेकर्स उनसे ज्यादा बोल्ड कपड़े और ग्लैमरस लुक चाहते थे.

Advertisement
X
जीनत अमान का बड़ा खुलासा (Photo: Screengrab)
जीनत अमान का बड़ा खुलासा (Photo: Screengrab)

70 के दशक की सबसे ग्लैमरस और बोल्ड एक्ट्रेसेस में गिनी जाने वाली जीनत अमान ने अपने फिल्मी सफर को लेकर बड़ा खुलासा किया है. एक्ट्रेस ने बताया कि पर्दे पर बनी उनकी 'सेक्स सिंबल' वाली छवि ने उन्हें सालों तक पीछा नहीं छोड़ा. इतना ही नहीं, फिल्ममेकर्स को उनकी सोच या क्रिएटिविटी से ज्यादा उनकी खूबसूरती और ग्लैमर की चिंता रहती थी.

'लोग मुझे देखकर हैरान रह जाते थे'

एक इंटरव्यू में जीनत अमान ने कहा कि पर्दे पर जो इमेज उनकी बनाई गई थी, असल जिंदगी में वह उससे बिल्कुल अलग थीं. उन्होंने कहा- मेरे बारे में जो छवि बनाई गई और मैं असल में जैसी थी, दोनों में बहुत फर्क था. 'सेक्स सिंबल' का टैग लंबे समय तक मेरे साथ जुड़ा रहा. जब लोग मुझसे असल जिंदगी में मिलते थे तो हैरान हो जाते थे कि मैं फिल्मों वाले किरदार जैसी बिल्कुल नहीं हूं.

जीनत ने बताया कि उस दौर में फिल्म के सेट पर महिलाओं की संख्या बहुत कम होती थी. ज्यादातर समय वह और उनकी हेयरड्रेसर ही इकलौती महिलाएं होती थीं. उन्होंने कहा कि उन्हें अपने किरदार को लेकर कोई राय देने का मौका नहीं मिलता था.

'किसी को इस बात में दिलचस्पी नहीं थी कि मैं क्या सोचती हूं. सबको बस इतना चाहिए था कि मैं गाना गाऊं, डांस करूं, दो डायलॉग बोलूं और बारिश में भीग जाऊं.'

Advertisement

'मेकर्स कहते थे... और ज्यादा ग्लैमर चाहिए'

जीनत अमान ने अपने कपड़ों को लेकर भी चौंकाने वाला खुलासा किया. उन्होंने बताया कि जब वह अमेरिका से भारत आई थीं, तब उन्हें इंटरनेशनल फैशन की अच्छी समझ थी और वह अपने कॉस्ट्यूम डिजाइनर्स के साथ मिलकर लुक पर काम करती थीं. लेकिन कई बार मेकर्स की डिमांड कुछ और ही होती थी.

'मेरे सुझाव हमेशा सादगी वाले होते थे, लेकिन प्रोडक्शन की तरफ से कहा जाता था कि और ज्यादा ग्लैमर चाहिए... ज्यादा डीप नेक हो, पीठ ज्यादा दिखे. ये मांग मेरी नहीं, बल्कि मेकर्स की होती थी.'

'आज भी पुरुषों के हाथ में है पैसा'

जीनत अमान ने फिल्मों में फीमेल एक्टर्स की फीस के अंतर पर भी अपनी राय रखी. उन्होंने कहा- आज भी ज्यादातर आर्थिक फैसले पुरुषों के हाथ में हैं. हमारा समाज अब भी काफी हद तक पुरुष प्रधान है और कमर्शियल सिनेमा भी उसी सोच के हिसाब से चलता है. हालांकि उन्होंने माना कि पिछले कुछ सालों में बदलाव जरूर आया है, लेकिन इसकी रफ्तार अभी भी काफी धीमी है.

जीनत अमान ने अपने करियर में 'हरे रामा हरे कृष्णा', 'डॉन', 'सत्यम शिवम सुंदरम' जैसी कई यादगार फिल्मों में काम किया. आज भी उन्हें हिंदी सिनेमा की सबसे स्टाइलिश और बेबाक एक्ट्रेसेस में गिना जाता है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement