
अंजलि शिवरामन इन दिनों अचानक सुर्खियों में आ गई हैं. वजह है मशहूर डायरेक्टर मीरा नायर की अपकमिंग बायोपिक फिल्म अमरी, जिसमें अंजलि महान चित्रकार अमृता शेरगिल का किरदार निभाती नजर आएंगी. फिल्म का पहला लुक सामने आते ही सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई है. खास बात ये है कि इस रोल के लिए करीब 100 से ज्यादा लड़कियों ने ऑडिशन दिया था, लेकिन आखिर में बाजी अंजलि शिवरामन ने मार ली.
जाह्नवी-तृप्ति को पछाड़ अंजलि को मिला किरदार
बताया जा रहा है कि इस रोल के लिए तृप्ति डिमरी, जाह्नवी कपूर, अनन्या पांडे और तान्या मानिकतला जैसी कई चर्चित एक्ट्रेसेस के नाम सामने आई थीं. लेकिन मीरा नायर को अमृता शेरगिल के किरदार में जो गहराई, मासूमियत और आर्टिस्टिक फील चाहिए थी, वो अंजलि में नजर आई. इसी वजह से उन्हें इस बड़े प्रोजेक्ट के लिए चुना गया.
अंजलि शिवरामन का नाम भले ही अभी हर घर में फेमस न हो, लेकिन फैशन और ओटीटी की दुनिया में वह तेजी से अपनी पहचान बना रही हैं. मॉडलिंग से करियर शुरू करने वाली अंजलि ने कई बड़े डिजाइनर्स के साथ काम किया है. उन्होंने तरुण ताहिलियानी और सब्यासाची मुखर्जी जैसे मशहूर डिजाइनर्स के लिए रैंप वॉक भी की है.

कौन हैं अंजलि?
अंजलि का बचपन काफी अलग रहा. उनके पिता की नौकरी ऐसी थी, जिसकी वजह से उन्हें कई शहरों और अलग-अलग माहौल में रहना पड़ा. इसी अनुभव ने उन्हें अलग संस्कृतियों, सोच और लोगों को समझने का मौका दिया. शायद यही वजह है कि उनकी पर्सनैलिटी में एक अलग तरह की गहराई नजर आती है.
एक्टिंग की बात करें तो अंजलि ने नेटफ्लिक्स की फिल्म कोबाल्ट ब्लू से अभिनय की दुनिया में कदम रखा था. यह फिल्म लेखक सचिन कुंदलकर के फेमस नॉवेल पर आधारित थी. फिल्म में उनके काम को काफी पसंद किया गया था और वहीं से उन्होंने इंडस्ट्री का ध्यान अपनी ओर खींचा.
अब मीरा नायर की फिल्म ‘अमरी’ उनके करियर का सबसे बड़ा मोड़ मानी जा रही है. इस फिल्म में सिर्फ अंजलि ही नहीं, बल्कि कई दमदार कलाकार भी नजर आएंगे. जयदिप अहलावत, एमिली वॉटसन, अंजना वसन, जिम सार्भ और प्रियंका चोपड़ा भी इस फिल्म का हिस्सा हैं.
आखिर कौन थीं अमृता शेरगिल?
अमृता को भारत की सबसे महान और प्रभावशाली आधुनिक चित्रकारों में गिना जाता है. उनका जन्म 1913 में हुआ था. उनके पिता सिख थे और मां हंगेरियन थीं. अमृता ने बहुत कम उम्र में पेंटिंग की दुनिया में अपनी अलग पहचान बना ली थी.
अमृता शेरगिल की पेंटिंग्स में भारतीय महिलाओं, गांवों और आम जिंदगी की झलक दिखाई देती थी. उन्होंने भारतीय कला को एक नया नजरिया दिया. यूरोप में पढ़ाई करने के बावजूद उनका दिल भारतीय संस्कृति और यहां के लोगों से जुड़ा रहा. उनकी बनाई पेंटिंग्स आज भी करोड़ों में बिकती हैं और उन्हें भारतीय आधुनिक कला का बड़ा चेहरा माना जाता है.
कम उम्र में ही अमृता ने दुनिया भर में नाम कमा लिया था, लेकिन सिर्फ 28 साल की उम्र में उनका निधन हो गया. छोटी सी जिंदगी में उन्होंने भारतीय कला जगत पर ऐसा असर छोड़ा, जो आज भी कायम है. यही वजह है कि अब उनकी जिंदगी पर फिल्म बन रही है और फैंस इस बायोपिक का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.

अंजलि शिवरामन के लिए यह फिल्म सिर्फ एक रोल नहीं, बल्कि करियर बदल देने वाला मौका साबित हो सकती है. अब देखना दिलचस्प होगा कि वो पर्दे पर अमृता शेरगिल जैसी महान कलाकार की जिंदगी को कितनी खूबसूरती से उतार पाती हैं.