सोनम वांगचुक जंतर मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं. वांगचुक की सेहत को लेकर जनहित याचिका दायर की गई है. याचिका पर सुनवाई आज होगी. सोनम वांगचुक के अनशन को 18 दिन हो गए हैं. जनता के साथ-साथ अब उन्हें सेलेब्स का भी समर्थन मिल रहा है. अनुराग कश्यप, स्वरा भाष्कर, कुनिका सदानंद, राखी सावंत, अभय देओल, नसीरुद्दीन शाह जैसे तमाम सितारों उन्हें सपोर्ट कर रहे हैं.
अब म्यूजिक कंपोजर-सिंगर विशाल ददलानी ने सोनम वांगचुक के सपोर्ट में एक वीडियो शेयर किया है. आइए देखते हैं कि उन्होंने वांगचुक के अनशन को लेकर क्या कहा.
वांगचुक के सपोर्ट में विशाल
विशाल ददलानी ने कहा कि मैं ये वीडियो उन सभी के लिए बना रहा हूं, जो इस वक्त हमारे देश के लिए जंतर-मंतर पर लड़ रहे हैं. मैं माफी मांगता हूं कि इस वक्त मैं वहां आपके साथ नहीं हूं, क्योंकि मैं यूएस में टूर पर हूं. लेकिन मेरा दिल वहीं है और आप ये जानते हैं. प्लीज सोनम वांगचुक जी को ये वीडियो जरूर दिखाएगा. उनसे कहिएगा कि मैं उनके क्षमाप्रार्थक हूं कि मैं वहां उनके साथ नहीं हो सकता. अगर मैं इंडिया में होता है, तो मैं जरूर वहीं होता.
विशाल ने कहा कि आप अच्छी चीजों के लिए लड़ाई कर रहे हैं. मेरी बस यही तमन्ना है कि उन्हें कुछ हो ना. मैं उनसे विनती करता हूं कि आप अनशन तोड़ दें. मैं सरकार से निवेदन करता हूं कि उनकी बात सुन लें. कोई हक से बाहर की बात नहीं कर रहा है इसमें. ये कोई सत्ता परिवर्तन की बात नहीं है. ये बात है हमारे देश के छात्रों की, उनके भविष्य की और हमारे देश के भविष्य की. मैं सरकार से कहूंगा कि लोगों की आवाज सुनें.
विशाल ददलानी ने वीडियो के कैप्शन में लिखा कि जागो इंडिया. सोनम वांगचुक को मारने मत दो. वो हमारे और हमारे बच्चों के लिए भूख हड़ताल पर हैं. वो देश के भविष्य के लिए भूख हड़ताल पर हैं.
देखते हैं कि सेलेब्स और जनता के सपोर्ट के बाद वांगुचक की ये लड़ाई कब और कहां जाकर खत्म होगी.