शाहिद कपूर की फिल्म 'ओ रोमियो' थिएटर्स में रिलीज हो चुकी है और इसे ऑडियंस से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. फिल्म को अभी तक मिक्स रिव्यूज मिले हैं और इसकी कमाई भी बॉक्स ऑफिस पर ठीक-ठाक हो रही है. 'ओ रोमियो' को प्रमोट करने फिल्म की पूरी टीम कपिल शर्मा के शो पर भी पहुंची.
कपिल शर्मा के शो पर 'ओ रोमियो' की टीम
शनिवार के दिन 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' का नया एपिसोड सामने आया, जहां 'ओ रोमियो' की कास्ट शाहिद कपूर, तृप्ति डिमरी, अविनाश तिवारी और फरीदा जलाल पहुंचे हुए थे. उनके साथ डायरेक्टर विशाल भारद्वाज भी थे. इस दौरान पूरी टीम ने एक-दूसरे के साथ काम करने का अपना एक्सपीरियंस शेयर किया.
इसी बीच कपिल शर्मा ने विशाल भारद्वाज से एक अहम सवाल भी पूछ डाला. कॉमेडियन ने अपने शो पर नाना पाटेकर और विशाल भारद्वाज की दोस्ती का जिक्र किया. उन्होंने बताया कि डायरेक्टर और एक्टर एक-दूसरे को पिछले करीब 30 साल से जानते हैं. लेकिन आज से पहले तक दोनों ने कभी साथ काम नहीं किया.
क्यों कभी साथ नहीं आए नाना-विशाल?
कपिल ने विशाल भारद्वाज से पूछा कि उन्होंने क्यों आजतक इतने टैलेंटेड एक्टर संग काम नहीं किया? तो जिसके जवाब में डायरेक्टर ने कहा, 'दरअसल ये मेरी ही गलती थी. मैंने पहले कभी नाना पाटेकर को ऐसा कोई रोल नहीं दिया था. सब लोग नाना पाटेकर से बहुत डरते हैं, हालांकि वो दिल से बहुत नरम और अच्छे इंसान हैं. नाना मुझसे इसलिए काफी नाराज थे क्योंकि मैंने उनको कभी काम नहीं दिया. वो कहीं भी मुझे मिलते तो पकड़ लेते और याद दिलाते कि अरे, मैं नाना पाटेकर हूं, एक्टर हूं, कब मुझे लेगा? मुझे ये बहुत शर्मिंदगी वाली बात लगती थी, लेकिन आखिरकार हम साथ काम कर ही लिए, और इसमें मुझे थोड़ा वक्त लगा.'
नाना पाटेकर 'ओ रोमियो' में एक अहम रोल प्ले कर रहे हैं. जब फिल्म का ट्रेलर लॉन्च इवेंट हुआ था, तब वहां भी एक बड़ी कॉन्ट्रोवर्सी हो गई थी. नाना पाटेकर इवेंट से अचानक उठकर चले गए. उनकी शिकायत थी कि बाकी कास्ट समय पर नहीं आई, जबकि वो टाइम पर इवेंट में पहुंच गए थे. इसलिए वो वहां से चले गए. ट्रेलर लॉन्च के दौरान विशाल भारद्वाज ने भी इस मुद्दे पर बात की थी. हालांकि उन्होंने एक्टर से नाराजगी नहीं जताई. बल्कि उनके नेचर की तारीफ की.