बॉलीवुड के एक्शन स्टार विद्युत जामवाल अपने स्टंट्स और फिटनेस के लिए तो जाने ही जाते हैं, लेकिन इस बार उन्होंने कुछ ऐसा कर दिया कि वहां मौजूद लोग कुछ देर के लिए समझ ही नहीं पाए कि आखिर हो क्या रहा है. अपनी हॉलीवुड डेब्यू फिल्म ‘स्ट्रीट फाइटर’ के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में विद्युत करीब 15 मिनट तक एकटक बैठे रहे. इस दौरान उनकी आंखें खुली थीं और उन्होंने अपनी सांस रोक रखी थी. वहां मौजूद मीडिया और ऑडियंस को पहले तो लगा कि शायद वह किसी तरह के मेडिटेशन में हैं, लेकिन जैसे-जैसे वक्त बीतता गया, हर किसी की नजरें उन्हीं पर टिक गईं.
करीब 15 मिनट बाद उनके पैरों में हल्का कंपन दिखाई दिया और उनकी आंखों से पानी आने लगा. तभी वहां मौजूद लोगों को अंदाजा हुआ कि विद्युत इतने लंबे वक्त से अपनी सांस रोककर बैठे हुए थे. यह नजारा देखकर फैंस और मीडिया हैरान रह गए. वैसे विद्युत का योग और मार्शल आर्ट्स से पुराना नाता रहा है और उनकी फिटनेस का अंदाज उनके एक्शन सीक्वेंस में भी नजर आता है. यही वजह है कि हॉलीवुड फिल्म ‘स्ट्रीट फाइटर’ में उन्हें धलसिम का किरदार मिला है.
बचपन में वीडियो गेम नहीं, खेलों में था ध्यान
इवेंट में विद्युत ने अपने किरदार और हॉलीवुड सफर के बारे में भी बात की. उन्होंने बताया कि बचपन में उन्होंने वीडियो गेम नहीं खेले, क्योंकि उनका ध्यान स्पोर्ट्स पर था. उनके मुताबिक, शायद यही वजह रही कि आगे चलकर उन्हें ‘स्ट्रीट फाइटर’ में काम करने का मौका मिला. विद्युत ने कहा कि उन्होंने पूरी जिंदगी इस रोल के लिए मेहनत की है. फिल्म में काम करने के दौरान उन्हें 50 सेंट, WWE रेसलर्स और कई दिग्गज कलाकारों के साथ काम करने का मौका मिला.
विद्युत ने हॉलीवुड और बॉलीवुड के काम करने के तरीके में अंतर पर भी अपनी राय रखी. उन्होंने बताया कि हॉलीवुड में समय की काफी पाबंदी है. उनके मुताबिक, वहां बड़े से बड़ा स्टार भी सेट पर समय से पहुंचता है और सेट पर मौजूद करीब 300 लोग भी उसी अनुशासन का पालन करते हैं. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर कोई एक मिनट भी लेट हो जाए तो प्रोडक्शन की तरफ से फोन आ जाता है कि कहीं वह अस्पताल में तो नहीं है.
बॉलीवुड स्टार से फाइट वाले सवाल पर बोले- 'शट अप!'
इवेंट के दौरान एक रिपोर्टर ने विद्युत से बॉलीवुड के किसी एक्टर के साथ काम करने या फाइट करने को लेकर सवाल पूछना चाहा. सवाल पूरा होने से पहले ही विद्युत ने उन्हें रोक दिया. मुस्कुराते हुए उन्होंने कहा कि तुलना वाले सवाल कब बंद होंगे. उन्होंने रिपोर्टर से कहा कि हॉलीवुड में उनके दोस्त की सफलता के बारे में सवाल पूछिए और इसी अंदाज में उनसे पूछिए कि उन्होंने ये सब कैसे किया.
इसके बाद विद्युत ने मजाकिया अंदाज में कहा, 'शट अप! दोस्त वाला सवाल पूछ.' जब रिपोर्टर ने फिर पूछा कि वह किस बॉलीवुड अभिनेता के साथ फाइट करना चाहेंगे, तो विद्युत ने जवाब दिया कि जिसे रिपोर्टर उनके साथ लड़वाना चाहते हैं, उसका नाम उन्हें मैसेज कर दें. उन्होंने कहा कि वह किसी से भी फाइट करने के लिए तैयार हैं.
विद्युत जामवाल की ‘स्ट्रीट फाइटर’ 16 अक्टूबर 2026 को रिलीज होने वाली है. फिल्म में नोआ सेंटिनियो, एंड्रयू कोजी, कैलिना लियांग, WWE स्टार रोमन रेंस यानी जो अनोआई, डेविड डेस्टमालचियन, कोडी रोड्स, एरिक आंद्रे, एंड्रयू शुल्ज, 50 सेंट और जेसन मोमोआ जैसे कलाकार भी नजर आएंगे.