
मिडल ईस्ट में इस वक्त भयंकर युद्ध जारी है. अमेरिका और इजरायल एक साथ मिलकर ईरान की राजधानी तेहरान समेत कई शहरों पर हमला कर रहे हैं. जवाब में ईरान मिडल ईस्ट में मौजूद अमेरिका के अड्डों पर हमला कर रहा है. इसमें कई मिसाइलें दागी जा रही हैं, जिससे आम जनता की जान पर खतरा मंडरा रहा है. इस हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई मारे गए हैं, जिससे पूरे देश में राजकीय शोक घोषित किया जा चुका है.
ईरान के लीडर की मौत से क्यों खुश लोग?
खामेनेई की मौत की पुष्टि ईरानी सेना ने की, जिससे सोशल मीडिया पर अलग-अलग रिएक्शन्स सामने आने लगे. ईरान में महिलाएं खुशी से झूमती हुईं नजर आ रही हैं. इसके कई सारे वीडियोज वायरल हो रहे हैं. उनमें से एक बॉलीवुड में काम कर रहीं ईरानी एक्ट्रेस एलनाज नोरौजी भी हैं, जो सोशल मीडिया के जरिए खोमेनेई की मौत से खुश हैं.
एलनाज ने इंस्टाग्राम पर स्टोरी पोस्ट करके इस खबर को सबसे बेहतरीन बताया. उन्होंने लिखा, 'हमारे लिए सबसे अविश्वसनीय न्यूज है. 47 साल से जिस खबर का इंतजार कर रहे थे, वो आ गई. खामेनेई मर गया है. भगवान सबसे बड़ा है.' एलनाज ने एक और स्टोरी पोस्ट की जिसमें उन्होंने खामेनेई की मौत वाली खबर शेयर करते हुए 'थैंक्यू' लिखा और खुशी वाले इमोजी भी शेयर किए.


अमेरिका-इजरायल और ईरान युद्ध पर क्या बोलीं एलनाज?
एलनाज ने अपना एक वीडियो भी शेयर किया जिसमें वो बताती हैं कि वो टीवी पर युद्ध की खबर को लगातार देख रही हैं. उन्होंने बताया कि ईरान में क्या हो रहा है, इसकी जानकारी ज्यादातर लोगों को नहीं है. ऐसे में वो लोग ऐसी बात कह देते हैं, जिससे मुद्दा बन जाता है और दिक्कतें बढ़ जाती हैं. एलनाज ने आगे कहा कि अगर कोई आम आदमी इस जंग में मारा गया, तो इसकी जिम्मेदारी ईरान की सरकार होगी, जो पिछले 47 साल से ईरानी लोगों पर जुल्म कर रहे हैं. उन्होंने ईरान पर कब्जा कर लिया है.
एक्ट्रेस ने आगे कहा कि ईरान के लोग इतने सालों से इस सरकार के चले जाने के लिए कह चुके हैं. इसके लिए उन्होंने आंदोलन भी किए, मगर ईरान के लोगों की बात नहीं सुनी गई. अब एलनाज का मानना है कि ये जंग का कारण सरकार की जिद्द का नतीजा है, जिससे ईरान के लोगों की जान को भी खतरा है. वो उम्मीद करती हैं कि सब सुरक्षित हों.
एलनाज नोरौजी ने हमेशा ईरान की आजादी के लिए अपनी आवाज बेबाकी से उठाई है. खामेनेई ने ईरानी महिलाओं पर कई सारी रोक लगाई थीं. जैसे हिजाब पहनकर रखना, कहीं बाहर ना निकलना और काम पर ना जाना. महिलाओं ने खामेनेई के खिलाफ कई बार प्रदर्शन भी किया है, जिसमें एलनाज भी हिस्सा लेती नजर आई थीं.