बॉलीवुड में कई ऐसे सितारे हैं जिन्हें अलग-अलग चीजों का फोबिया होता है. शाहरुख खान को घोड़े का फोबिया है. ऋतिक रोशन को साफ-सफाई का फोबिया है. इनके जैसे और भी कई एक्टर्स हैं, जो अपने फोबिया के बारे में खुलकर बात किया करते हैं. अब इंडस्ट्री के एक्शन हीरो टाइगर श्रॉफ ने भी अपने फोबिया का खुलासा किया है.
टाइगर का कहना है कि उन्हें एयरोफोबिया यानी फ्लाइट में बैठने का फोबिया है. जब भी फ्लाइट में टर्बुलेंस या झटके आते हैं, तो एक्टर को घबराहट होती है. टाइगर बताते हैं कि उन्हें ऐसा इसलिए होता है क्योंकि उनके साथ पहले भी एक खतरनाक एक्सपीरियंस हो चुका है. यूट्यूबर लिली सिंह संग बातचीत के दौरान टाइगर श्रॉफ ने पूरी बात बताई है.
क्यों टाइगर को फ्लाइट में बैठने से लगता है डर?
टाइगर ने कहा, 'मैं सचमुच प्लान कर रहा हूं कि थैरपिस्ट के पास जाऊंगा, क्योंकि मुझे हवाई जहाज से बहुत डर लगता है. कुछ साल पहले मेरी एक फ्लाइट में बहुत तेज हलचल हुई थी. उस समय मुझे लगा कि मैं कुछ भी कंट्रोल नहीं कर सकता. यही हकीकत है ना? जब टर्बुलेंस होता है तो मैं कुछ नहीं कर सकता. उस घटना के बाद से, जब भी मुझे फ्लाइट में बैठना होता है, तो कई दिन पहले से ही घबराहट और चिंता शुरू हो जाती है.'
'मैं अब तक इस डर को पार नहीं कर पाया हूं. लोग कहते हैं कि फ्लाइट सबसे सुरक्षित जर्नी है. मैंने कई पायलट्स से भी बात की. वो सब यही कहते हैं कि टर्बुलेंस कुछ भी नहीं है, बस सड़क पर गाड़ी जब उबड़-खाबड़ रास्ते से जाती है, वैसा ही होता है. लेकिन मेरा दिमाग ये बात मानता ही नहीं. जब टर्बुलेंस सचमुच होता है, तब बहुत अलग बात हो जाती है. मुझे बहुत बुरा लगता है कि मैं उस पर कंट्रोल नहीं कर पाता. मुझे अपने शरीर के हर हिस्से पर कंट्रोल रखना पसंद है. मुझे पता होना चाहिए कि मैं क्या कर रहा हूं.'
टाइगर आगे ये भी खुलासा करते हैं कि वो कई बार चीजों के बारे में काफी सोचते हैं. उनका कहना है कि ये बात बहुत दुखद बात है क्योंकि वो अक्सर काफी मुश्किल में रहते हैं. टाइगर छोटी-छोटी चीजों में भी फैसला नहीं कर पाते, जिससे उन्हें तकलीफ महसूस होती है. बात करें टाइगर के वर्क फ्रंट की, तो एक्टर आखिरी बार 'बागी 4' में दिखे थे जो बॉक्स ऑफिस पर खास नहीं चल पाई थी.